Type Here to Get Search Results !

किसानों की आय को दोगुना करने उत्पादन भी बढ़ाना होगा - मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के किसानों की आय को दोगुना करने के संकल्प की सिद्धि के लिए उत्पादन भी बढ़ाना होगा और लागत को कम करना होगा। इस दिशा में मध्यप्रदेश सरकार जहाँ एक ओर सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ा रही है, वहीं किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। किसानों के लिये आज का कृषि मेला भाग्यविधाता साबित होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान मुरैना जिले में तीन दिवसीय ‘कृषि मेला एवं प्रदर्शनी’ के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि छोटे किसानों को आर्थिक मदद के लिये जहाँ एक ओर प्रधानमंत्री श्री मोदी एक साल में तीन किस्तों में 6 हजार रूपये देते हैं, वहीं मध्यप्रदेश सरकार भी अपनी ओर से इन किसानों को साल में 2 किस्तों में 4 हजार रूपये दे रही है। इस प्रकार किसान को एक साल में 10 हजार रूपये की सहायता मिल रही है। प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में भी अब तक 2 लाख 12 हजार करोड़ रूपये मिल चुके है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में फसल बीमा योजना में किसानों के खातों में 7618 करोड़ रूपये डाले गये हैं। इतनी बड़ी राशि किसी राज्य के किसानों को नहीं मिली। प्रधानमंत्री ने इस बार गेहूँ का समर्थन मूल्य भी 2125 रूपये प्रति क्विंटल कर किसानों को संबल दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय को बढ़ाने के लिये देश और मध्यप्रदेश में अनेक नवाचार के साथ नई कृषि तकनीक भी अपनाई जा रही है। परम्परागत खेती से हट कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.