मुंबई। फिल्म मेकर सुनील दर्शन ने दावा किया है कि अक्षय कुमार ने अपनी वाइफ ट्विंकल खन्ना की वजह से प्रियंका चोपड़ा के साथ काम करना बंद कर दिया था। सुनील दर्शन का कहना है कि उनकी फिल्म बरसात में पहले अक्षय और प्रियंका को ही काम करना था लेकिन ट्विंकल की आपत्ति की वजह से अक्षय इस प्रोजेक्ट से हट गए जिसके बाद बॉबी देओल को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर कास्ट किया गया था। सुनील दर्शन के मुताबिक ट्विंकल खन्ना को अक्षय और प्रियंका की जोड़ी से दिक्कत थी और वो ये बिल्कुल नहीं चाहती थीं कि दोनों साथ काम करें।
मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में सुनील दर्शन ने अक्षय और प्रियंका के बारे में बताते हुए कहा- "अक्षय और प्रियंका की जोड़ी काफी अच्छी थी, दोनों में गजब की केमेस्ट्री थी। उन दोनों के अंदर काफी सारी चीजें एक जैसी थी। उनके बीच फिल्माए गानों में कोई वल्गैरिटी नहीं होती थी बल्कि सेंसुअल लगती थी। हालांकि प्रियंका कुछ समय बाद वर्ल्ड टूर पर चली गईं और जब वो वापस आईं तो मुझे नहीं पता कि उन दोनों के बीच क्या हुआ।"