Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री चौहान ने राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का जायजा लिया

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज शहडोल के लालपुर गाँव पहुँच कर राज्य-स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समीक्षा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मध्यप्रदेश आ रही है। राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी यह पहली मध्यप्रदेश की यात्रा है। हम उनका शहडोल में भव्य स्वागत करें और कार्यक्रम को ऐतिहासिक, अभूतपूर्व एवं गरिमामयी स्वरूप प्रदान करें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 15 नवम्बर भगवान बिरसा मुंडा के जन्म-दिवस पर जनजातीय परंपराओं एवं संस्कृति पर आधारित लोक नृत्यों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सुनिश्चित किये जायेंगे। राष्ट्रपति का जनजातीय परंपराओं के अनुसार भव्य और गरिमामय स्वागत की तैयारियाँ भी सुनिश्चित की जाये। कमिश्नर शहडोल संभाग श्री राजीव शर्मा ने सभा स्थल की तैयारियों, बैठक, पार्किंग, पेयजल, परिवहन एवं भोजन व्यवस्था की तैयारियों की जानकारी दी।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, जनजातीय कल्याण मंत्री सुश्री मीना सिंह, विधायक श्री जयसिंह मरावी, श्रीमती मनीषा सिंह, श्री शरद कोल, अध्यक्ष नगरपालिका बुढार श्रीमती शालिनी सरावगी, एडीजी श्री डीसी सागर, मुख्य वन संरक्षक श्री लाखन सिंह उइके, कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य सहित जन-प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।