मुंबई। डायरेक्टर राजकुमार संतोषी की अपकमिंग फिल्म गांधी गोडसे एक युद्ध का ट्रेलर 11 जनवरी को रिलीज हो चुका है। ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फिल्म विवादों में है। कांग्रेस से जुड़े लोगों ने मध्य प्रदेश में इस फिल्म पर बैन लगाने की मांग की थी। विवाद के बीच महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने फिल्म पर अपना रिएक्शन दिया है। मीडिया को दिए इंटरव्यू उन्होंने कहा कि वो ऐसी फिल्म हरगिज नहीं देखना चाहेंगे, जिसमें किसी हत्यारे का महिमा बताई गई है।
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत के दौरान तुषार ने कहा- मुझे इस बात पर आश्चर्य नहीं है क्योंकि, गोडसे उनके लिए एक हीरो है। अगर वो गोडसे को हीरो को रूप में दिखाते हैं, तो यह कोई हैरानी की बात नहीं है। लेकिन मैं फिल्म की खूबियों या खामियों पर कुछ भी नहीं कह सकता हूं, क्योंकि मैंने फिल्म नहीं देखी है। मैं ऐसी फिल्मों को देखने का इरादा नहीं रखता हूं जो हत्यारों की महिमा गाती है।
