भोपाल। चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि करोंद क्षेत्र में बढ़ते ट्रेफिक के दबाव को देखते हुए फ्लाई ओवर का निर्माण किया जायेगा। फ्लाई ओवर से ट्रेफिक का दबाव कम होगा और क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा होगी। यह घोषणा मंत्री श्री सारंग ने नरेला विधानसभा के वार्ड 75 में विकास यात्रा के दौरान की।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जन-हितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के साथ ही नागरिकों की समस्याओं के तत्काल समाधान के उद्देश्य के साथ निकाली जा रही विकास यात्रा को नरेला विधानसभा के नागरिकों का अपार जन-समर्थन मिल रहा है। सोमवार को मंत्री श्री सारंग विकास यात्रा लेकर वार्ड 75 और 69 में पहुँचे। यहाँ जनता ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा की शुरूआत में श्री सारंग ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ प्रमाण-पत्र वितरित किये। यहाँ उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और तत्काल उपस्थित अधिकारियों को समस्या के निदान के लिये निर्देशित किया।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि करोंद को भोपाल का उप नगर बनायेंगे। करोंद क्षेत्र में स्मार्ट सड़कों का निर्माण प्रगति पर है, जो करोंद चौराहे से मंडी तक बन रही हैं। वहीं करोंद चौराहे पर लगभग 40 करोड़ की लागत से फ्लाई ओवर भी बनेगा। इससे क्षेत्र के विकास की रफ्तार में और अधिक वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 के पहले नरेला को पिछड़ी विधानसभा के रूप में देखा जाता था। वर्ष 2008 के बाद से हर घर नर्मदा जल, सड़कों का जाल, करोड़ों की लागत से नाले-नालियों का निर्माण और 6-6 फ्लाई ओवर की सौगात मिली है।