Type Here to Get Search Results !

प्रदेश में सिंचाई रकबा बढ़ाने के प्रयास निरंतर जारी: मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए प्रयास निरंतर जारी हैं। निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं के साथ जिन क्षेत्रों में नवीन परियोजनाएँ आरंभ हो रही हैं, वहाँ किसानों को नहरों के रख-रखाव और पानी की हर बूँद के सही उपयोग के संबंध में जागरूक करना आवश्यक है, जिससे हम अपने संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग उत्पादन में कर सकें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान वृहद परियोजना नियंत्रण मंडल की मंत्रालय में हुई 119वीं बैठक को संबोधित कर रहे थे। जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में एक हजार 11 करोड़ रूपये की बहोरीबंद और 720 करोड़ की शहीद इलाप सिंह उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। बहोरीबंद परियोजना से कटनी जिले के 151 गाँव में 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शहीद इलाप सिंह परियोजना से हरदा जिले के 118 गाँव के 26 हजार 890 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

खण्डवा जिले की खालवा उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना फेस-2 को तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई। परियोजना से खण्डवा जिले के 7 हजार 910 हेक्टेयर क्षेत्र में माइक्रो सिंचाई पद्धति से सिंचाई उपलब्ध कराई जाएगी। मण्डला जिले को लाभान्वित करने वाली हालोन सिंचाई परियोजना के शेष कार्यों और बरगी व्यपर्वतन परियोजना के संबंध में भी स्वीकृतियाँ प्रदान की गईं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.