Type Here to Get Search Results !

सिंगरौली जिले में पुलिस और प्रशासन ने किया हत्यारों का घर नेस्तनाबूद, आरोपी गिरफ्तार

भोपाल। सिंगरौली जिले के बैढन थाना क्षेत्रांतर्गत तेलाई ग्राम थाना बैढन में परिवारिक पैसों के लेन-देन के मामले में विवाद के चलते आरोपी इन्द्रमान केसरी (गुप्ता) और उसके पुत्र अजय केसरी ने 27 अप्रैल को अपने ही भाई अश्विनी उर्फ छोटे केशरी पिता जमुना प्रसाद केशरी उम्र 60 वर्ष तथा भतीजे सचिन केसरी पिता अश्विनी केशरी उम्र 28 वर्ष की बोलेरो से कुचलकर हत्या कर दी थी।  हत्‍या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।

माननीय मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन श्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को संज्ञान में लेकर कठोरतम कार्यवाही के निर्देश दिये थे। जिसके अनुपालन में आज 28 अप्रैल को आरोपियों द्वारा निर्मित अवैध मकान को जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा जमींदोज किया गया।

हत्या के साक्ष्य घटना स्थल में मौजूद पाये जाने पर आरोपियों के विरूद्ध थाना बैढन में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। फरार आरोपियों को पुलिस द्वारा निरंतर रूप से पता तलाश कर गिरफ्तार किया गया। आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्‍त बोलेरो वाहन भी जप्त किया गया।