भोपाल। पेंशनर्स एसोसिएशन मध्य प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष श्याम जोशी एवं वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष गणेश दत्त जोशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री महेश चंद्र चौधरी से पेंशनर्स की 11 सूत्रीय लंबित मांगों के संबंध में सौहार्दपूर्ण एवं सारगर्भित चर्चा की, जिसमे प्रांतीय महामंत्री एच.पी. उरमलिया ने सराहनीय योगदान दिया।
जिला शाखा भोपाल अध्यक्ष आमोद सक्सेना ने बताया कि छठवें एवं सातवें वेतन आयोग के क्रमश 32 एवं 27 माह के बकाया एरियर, केंद्रीय दर एवं तिथि से महंगाई राहत का भुगतान, केंद्र के समान पेंशन नियम 1976 में संशोधन कर अविवाहित विधवा तलाकशुदा एवं परित्यक्ता पुत्री को आजीवन परिवार पेंशन का लाभ, कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं विद्युत पेंशनर्स को कोषालय से पेंशन का भुगतान सहित सभी 11 बिंदुओं पर श्री चौधरी ने सविस्तार चर्चा कर माननीय मुख्यमंत्री से मांगों के शीघ्र निराकरण के संबंध में प्रयास करने का आश्वासन दिया । प्रतिनिधिमंडल में विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष अशोक गुप्ता, एल.एन. कैलासिया, बाबूलाल शर्मा एवं एन. के. उपाध्याय आदि शामिल थे।

