Type Here to Get Search Results !

2 से 31 अगस्त तक प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपलब्धता सुनिश्चित करें: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश अनुपम राजन

भोपाल। आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन की उपस्थिति में आज समापन हुआ। इसमें प्रदेश के सभी 52 जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल हुए।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री राजन ने कहा कि प्रदेश में 2 अगस्त से द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य शुरू होगा। इस अवधि में 2 से 31 अगस्त तक प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर प्रत्येक कार्य दिवस में कार्यालयीन समय पर बीएलओ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। श्री राजन ने मतदाताओं के नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आए आवेदनों का तत्काल निराकरण करने और सेक्टर अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने अधिकारियों से कहा कि मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करें। वल्नरेबिलिटी मैपिंग, मतदान केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी, बिजली और शौचालय की सुविधा भी सुनिश्चित करायी। दो किमी से अधिक दूरी पर एक मतदान केन्द्र और एक मतदान केंद्र पर 1500 से अधिक मतदाताओं की संख्या न हो।