भोपाल। दिव्यांगजनों को प्राथमिकता से शासकीय योजनाओं का लाभ तथा सुविधाएँ मिले, इसके लिए जरूरी है कि उन्हें योजनाओं की जानकारी हो और वे पात्रता के अनुसार लाभ उठा सकें। निशक्तजन कल्याण आयुक्त श्री संदीप रजक ने यह बात आज अनूपपुर में एडवोकेसी बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
आयुक्त श्री रजक ने कहा सभी दिव्यांगों का स्पर्श पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के साथ यूडीआईडी कार्ड बनाएँ। दिव्यांगों के चिन्हांकन का कार्य पुन: शुरू करें। उन्होंने जिले के चारों विकास खंडों में सभी 21 प्रकार के दिव्यांगों के चिन्हांकन के निर्देश दिए। प्रचार-प्रसार में जन-अभियान परिषद का भी सहयोग लें, जिससे दिव्यांगजन शासकीय योजनाओं का पात्रता के अनुसार अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
आयुक्त आयुक्त श्री रजक ने एडवोकेसी बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिव्यांगों के हितार्थ विकासखंड स्तर पर विभागीय योजनाओं की जानकारी देने समन्वित विभागीय शिविर का आयोजन कर शासकीय योजनाओं से दिव्यांगों को लाभान्वित करने के कार्यक्रम करने के निर्देश दिए। दिव्यांगों को सहज सरल तरीके से स्वास्थ्य सुविधाएँ तथा मेडिकल प्रमाण-पत्र की उपलब्धता हो। स्थाई दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाने पर भी बल दिया। विभिन्न अवसरों पर आयोजित किए जाने वाले प्रदर्शनी या मेले में दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।
