भोपाल। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कारगिल के योद्धाओं को शत-शत नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान अविस्मरणीय रहेगा। डॉ. मिश्रा प्रशासन अकादमी में कारगिल विजय दिवस पर कारगिल युद्ध के शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर म.प्र. सैनिक कल्याण वेब पोर्टल और मोबाइल एप का लोकार्पण किया गया। गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने सैनिकों के कल्याण के लिये सशस्त्र झण्डा दिवस पर एकत्रित की जाने वाली अंशदान राशि क्यू.आर. कोड से स्केन कर प्रदान की। अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, संचालक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर अरुण नायर सेना मेडल, श्री विनीत तिवारी प्रमुख सलाहकार आई.टी. एवं शहीदों के परिजन और सैनिक कल्याण के अधिकारी भी मौजूद रहे।
गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि आज शहीदों की माताओं से मिल कर मन भर आया है, पर शहीदों के शौर्य से हर भारतीय को गौरव की अनुभूति होती है। कारगिल में देश के वीर सपूतों ने दुरुह और दुष्कर परिस्थितियों में भारत के गौरव की रक्षा कर संसार को बता दिया कि मातृभूमि की रक्षा में हर भारतीय हर समय प्राण-प्रण से बलिदान देने के लिये तत्पर रहता है।
गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब आतंक-परस्त देशों को गोली का जवाब बम-गोले से दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले गोली के जवाब में हम शांति के कबूतर उड़ाते थे, लेकिन अब आतंक के ठिकानों को हमारे जाँबाज घर में घुसकर उड़ाकर आते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी जवानों के मनोबल को सातवें आसमान तक ले जाने में कोई कोर-कसर नहीं रखते हैं। प्रधानमंत्री हर दीवाली सेना के वीर जवानों के साथ उनके मोर्चे पर मनाते हैं।
