Type Here to Get Search Results !

राज्य सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएँ बनाई हैं

भोपाल। आयुष राज्य मंत्री (स्वंतत्र प्रभार) श्री रामकिशोर नानो कावरे ने कहा है कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग का कल्याण चाहती है। इस बात को ध्यान में रखकर योजनाएँ बनायी गयी हैं। ऐसा प्रयास हो कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचे। राज्य मंत्री श्री कावरे रविवार को बालाघाट जिले के परसवाड़ा क्षेत्र के ग्राम रजेगांव में 45 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करने के बाद विकास पर्व को संबोधित कर रहे थे।

आयुष राज्य मंत्री श्री कावरे ने कहा कि राज्य सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों पर चलने वाली सरकार है। विकास पर्व के दौरान प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना का लाभ पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। लाड़ली बहना योजना में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए प्रति माह उनके बैंक खाते में 1000 हजार रूपये की राशि जमा कराई जा रही है। आगे चलकर इस राशि को 3000 हजार रूपये तक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि परसवाड़ा क्षेत्र में बिजली सुविधा के विस्तार के लिए 60 करोड़ रूपये मंजूर हुए हैं। ग्राम समनापुर और बघोली में नये सब-स्टेशन बनाये जा रहे हैं।