Type Here to Get Search Results !

स्व. बैनर्जी ने पदचिन्ह बनाए, उनके सपनों के राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें - मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज जबलपुर में राष्ट्रवादी विचारक स्व. सुभाष चंद्र बैनर्जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्व. बैनजी ने जैसा राष्ट्र बनाने का सपना देखा, उस दिशा में हम प्रयास करने का संकल्प लें। वे ऐसे व्यक्ति थे, जो किसी के पद चिन्हों पर नहीं चले, बल्कि खुद, पद चिन्हों का निर्माण किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रतिमा के अनावरण के बाद स्व. बैनर्जी स्मृति संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. सुभाष चंद्र बैनर्जी का जीवन मातृभूमि के लिए समर्पित था। अपने लिए तो सभी जीते हैं लेकिन कुछ होते हैं जो, देश और समाज के लिए जीते हैं। उनका अपना कुछ नहीं होता। स्व. बैनर्जी भी ऐसे ही समर्पित राष्ट्र सेवक थे। जबलपुर के साथ ही महाकौशल क्षेत्र में वे समाज हित में निरंतर सक्रिय रहें। आपातकाल के दौरान इस परिवार के 6 लोग कारावास में रहे। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए भी कार्य किया। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती जयश्री बैनर्जी ने अपनी सम्पूर्ण क्षमताओं से प्रदेशवासियों की सेवा की।