Type Here to Get Search Results !

गरीब परिवारों की जिंदगी बदलना है मिशन : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य सरकार कमजोर वर्ग के कल्याण के लिए है। मध्यप्रदेश की धरती पर कोई भी गरीब जमीन के बिना नहीं रहेगा। प्रदेश में मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना का क्रियान्वयन जारी है। शिवपुरी में 27 हजार लोगों को पट्टे उपलब्ध कराए गए हैं। यदि कोई छूटा होगा तो उसे भी भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। शीघ्र ही पोहरी के बैराड़ में महाविद्यालय आरंभ किया जाएगा। वे आज पोहरी जिला शिवपुरी में मुख्यमंत्री चरण पादुका योजना अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्राहकों को संबोधित कर रहे थे।

श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार ने जल, जंगल और जमीन के मामलों में जनजातीय भाई-बहनों के सशक्तिकरण का नया शंखनाद किया है। तेंदूपत्ता संग्राहकों का जीवन सरल बनाने के लिए चरण पादुका योजना में तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को जूते, चप्पल, साड़ियां, पानी की बॉटल, छाता तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इस वर्ष शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, श्योपुर एवं ग्वालियर के तेन्दूपत्ता संग्राहकों को 88,748 जोड़ी जूता, 89,159 जोड़ी चप्पल, 90,440 नग पानी की बोतल एवं 1,14,595 नग साड़ी का वितरण किया जा रहा है।