भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वीर जवानों ने वीरता, पराक्रम, शौर्य और हिम्मत से एक नया इतिहास रचा है। वीर जवान हिम्मत से भरे हुए हैं। आपके शौर्य और प्रताप को प्रणाम योग्य है। वीर जवानों ने एक साल में 91 लाख के 6 इनामी नक्सली और पिछले तीन सालों में 1 करोड़ 62 लाख के 9 इनामी नक्सली धराशायी किए हैं। यह कोई साधारण सफलता नहीं है।
क्रम-पूर्व पदोन्नति प्राप्त कर रहे 22 जवानों को मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बधाई दी। बालाघाट में मध्यप्रदेश पुलिस के क्रम-पूर्व पदोन्नति अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर नर्मदा घाटी विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, आयुष एवं जल संसाधन राज्य मंत्री श्री राम किशोर (नानो) कावरे, विधायक लांजी सुश्री हिना कांवरे, मध्यप्रदेश राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री प्रदीप जायसवाल, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर कुमार सक्सेना, आई.जी. बालाघाट श्री संजय कुमार, कमिश्नर जबलपुर श्री अभय वर्मा, कलेक्टर श्री गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ सहित पुलिस के वीर जवान तथा उनके परिजन उपस्थित थे।
