Type Here to Get Search Results !

हरदा की दु:खद घटना में घायलों के इलाज के लिए हरसंभव व्यवस्था - मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा में हुई त्रासदपूर्ण दुर्घटना के संबंध में मंत्रालय में आपात बैठक बुलाकर तत्काल मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह, अपर मुख्य सचिव श्री अजीत केसरी तथा डीजी होमगार्ड को रवाना किया। इसके साथ ही पुलिस बल भी घटना स्थल पर पहुंच गया ।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि हरदा की घटना अत्यंत दु:खद है। एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छह लोगों की मृत्यु हुई है और लगभग 50 लोग घायल हुए हैं। जिनकी मृत्यु हुई है उनके परिजनों को चार लाख रूपए की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घायलों का इलाज किया जा रहा है प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री सहायता कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार के लिए दो-दो लाख रुपए की सहायता की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि हरदा के आसपास के क्षेत्र से एंबुलेंस हरदा पहुंचाई जा रही हैं । हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था के लिए सेना से संपर्क किया गया है। भोपाल, इंदौर में मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल में बर्न यूनिट को तैयारी रखने के निर्देश दे दिए गए हैं। नर्मदापुरम में भी अस्पतालों में घायलों के उपचार के लिए व्यवस्था की गई है। घायलों को लाने के लिए ग्रीन कॉरीडोर बनाया जाएगा।