- सीसीटीवी और फिंगर प्रिंट मिलान सहित गहन छानबीन से चोरी का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक रायसेन ने की पुरस्कृत करने की घोषणा
बेगमगंज। रीतेश जैन निवासी घोषी मोहल्ला की हार्डवेयर दुकान में बीती रात्री में चोर के द्वारा दराज में रखे 3 लाख 70 हजार रुपए चुराने की बारदात को अंजाम दिया गया था। इसका पुलिस ने महज 8 घंटे में खुलासा करने के साथ ही बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। इस उपलब्धि पर रायसेन पुलिस अधीक्षक ने चोरी का पता लगाने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस ने बताया कि फरियादी रीतेश जैन की हार्डवेयर दुकान में बीती रात्री 3 लाख 70 हजार रुपए चोरी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सोनाली गुप्ता एवं थाना प्रभारी राजीव उईके द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मौके का निरीक्षण एफएसएल टीम के साथ किया गया। इस दौरान फिंगरप्रिंट वगैरा लिए गए और आसपास के करीव 15 -20 वीडियो फुटेज चैक किए गए। अंगुल चिन्ह, पद चिन्ह एक्सपर्ट तथा डॉग द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। प्राप्त वीडियो फुटेज के आधार पर संदेहियो से पूछताछ की गई तथा वरिष्ठ अधिकारियों को घटना के संबंध में अवगत कराया गया।
शटर के नट खोलकर लाखों रुपए ले उड़ा था चोर
जांच के दौरान आरोपी अनिल पिता गणेशराम कुशवाहा निवासी महादेवपुरा से सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने पीछे के रास्ते से शटर के अंदर लगा नट खोलकर दुकान में प्रवेश किया तथा मौके से कैमरे का कनेक्शन काट दिया, डीवीआर उठाया तथा दराज में रखे कैश तीन लाख 70 हजार रूपए चोरी कर निकाल ले गया।
पिता ने की चोरी के रुपए और डीवीर छिपाने में मदद
आरोपी अनिल कुशवाहा द्वारा चोरी किये गए रूपए, डीवीआर और कैमरा अपने घर में ड्रम के अंदर छुपाकर रखा था। इसमें उसके पिता गणेशराम कुशवाहा द्वारा छिपाने में सहयोग की गई थी। पुलिस ने आरोपी की निशान देही पर उसके घर से 3 लाख साठ हजार रुपए नगद, डीवीआर, कैमरा आदि बरामद किया गया। उसके पिता गणेशराम कुशवाहा को भी सह आरोपी बनाया जाकर हिरासत में ले लिया। आरोपी के द्वारा घटना के समय पहने हुए कपड़े भी वीडियो फुटेज के अनुसार जप्त किए गए है।
एसपी रायसेन ने की पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा
पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता द्वारा महज 8 घंटे में चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुरष्कृत करने की घोषणा की गई है। चोरी की घटना में आरोपियों को पकड़ने में टीआई राजीव उईके, उपनिरीक्षक संदीप पवार, सहायक उपनिरीक्षक गणेश चौरसे, आरक्षक मो. शम्स सोहराब, आरक्षक अजय राणा, दीपक विश्वकर्मा, भरत दांगी, राजेन्द्र साहू, सुरभी, सुरक्षा समिति सदस्य राजा कुशवाहा की सराहनीय भूमिका रही है।