Type Here to Get Search Results !

मध्यप्रदेश के मंदसौर एवं राजगढ़ जिलों में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़

  • एमडी ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, अवैध मादक पदार्थ एमडी एवं निर्माण संबंधी अन्य उपकरण जब्त किए गए

मंदसौर/  राजगढ़/  भोपाल। मध्यप्रदेश के राजगढ़ एवं मंदसौर जिले में दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस ने एमडी ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कैमिकल, मादक पदार्थ एवं उपकरण जप्त किए हैं। साथ ही नशे के दो कारोबारियों को भी पकड़ा गया है।

  



गरोठ में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

थाना प्रभारी गरोठ एवं उनकी टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर ग्राम सुरजना स्थित खेत के कुएं पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान मौके पर दो व्यक्ति एमडी ड्रग्स बनाते हुए पाए गए। मोके पर उनके कब्जे से 102 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी, 12 किलो 610 ग्राम एमडी निर्माण में प्रयुक्त केमीकलों का गाढ़ा मिश्रण, 3 किलो 540 ग्राम एमडी निर्माण में सहयोगी पारदर्शी तरल पदार्थ, 680 ग्राम एमडी निर्माण में सहयोगी सफेद केमीकल पाउडर, एक गैस सिलेंडर, एक सेंट्रीफ्यूज मशीन, एक चूल्हा-भट्टी, एक स्टील की थाली, एक स्टील का भगोना, नीले रंग का बिजली कनेक्शन तार, एक अर्थिंग हेतु लोहे का सरिया तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए गए है। आरोपियों के विरुद्ध थाना गरोठ में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।


ड्रग निर्माण से लेकर सप्लाई में शामिल पकडे जाएंगे


एमडी ड्रग एक लाख में एक किलो बनाकर 7 से 8 लाख रुपए में बेचते हैं, ड्रिग निर्माण के लिए जहां से मटेरियल खरीदा है, वहां से लेकर एमडी ड्रग बनाने के बाद बेचने और खरीदने का नेटवर्क पकड़ा जाएगा। इसमें परदे के पीछे से पैसा लगाने के साथ ही मार्केट वालों पर भी नजर है।

-विनोद मीणा, पुलिस अधीक्षक, मंदसौर जिला।





राजगढ़ के खेत में ड्रम में मिली ड्रग्स बनाने की सामग्री

राजगढ़ जिले के तहत थाना माचलपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम आदमपुरा के जंगल क्षेत्र में खेत में बनी एक खंती में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एमडी ड्रग्स (मादक पदार्थ) निर्माण में प्रयुक्त रासायनिक पदार्थ ड्रमों में छिपाकर फेंका गया है। इस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। इसके नतीजे में खंती से 5 नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम बरामद हुए, जिनमें प्लास्टिक पन्नियों में भरा सफेद रंग का क्रिस्टलनुमा कैमिकल पाउडर पाया गया।
 
266.9 किलो केमिकल की कीमत 5 करोड़ रुपए

प्रारंभिक परीक्षण एवं विशेषज्ञ अनुभव के आधार पर जब्त किया गया पदार्थ एमडी ड्रग्स के निर्माण में प्रयुक्त होने वाला केमिकल पाया गया। इसकी तौल करने पर ड्रमों सहित कुल वजन 266.9 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। ंइसके बाद बरामद समस्त कैमिकल को विधिवत जप्त कर थाना माचलपुर में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। साथ ही अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच जारी है।


मुंबई की कैमिकल फैक्ट्री से आता है मटेरियल


राजगढ़ पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एमडी ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल मुंबई की एक फैक्ट्री से खरीदा गया है। ऐसे में पुलिस अब मुंबई की केमिकल फैट्री से पता करने की कोशिश में हैं कि आखिर करोड़ों रुपए का कैमिकल किसने खरीदा और मुंबई से माचलपुर तक कैसे लाया गया। इसके लिए पेमेंट कैश या आॅनलाइन किया गया और फैक्ट्री ने यह चेक क्यों नहीं किया कि केमिकल का इस्तेमाल कैसे होना है।

नेटवर्क सहित सप्लाई और डिमांड चैन डिकोड करेंगे

जहां से करोड़ों का ड्रग बनाने में उपयोग होने वाला मटेरियल जब्त किया गया है, वहां से लेकर मुंबई की फैक्ट्री तक जांच हो रही है। ताकि केमिकल मंगाने वाले से लेकर सप्लाई करने तक का खुलासा हो सके। किसी भी स्तर पर संलिप्त रहने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

-अमित तोलानी, पुलिस अधीक्षक, राजगढ़ जिला।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.