Type Here to Get Search Results !

मध्यप्रदेश में जानलेवा बोरवल: उज्जैन जिले में बड़नगर के पास झलारिया गांव के बोरवेल में गिरे 3 साल के मासूम का रेस्क्यू

  • उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा कर रहे हैं रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व
  • बोरवेल में गिरा बालक राजस्थान से रिश्तेदारी में आया था, जो खेलते-खेलते अनजाने में बोरवेल में गिरा

झलारिया गांव, बड़नगर। उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के झलारिया गांव में गुरुवार को एक खुले बोरवेल में 3 साल का मासूम बालक गिर गया, जोकि राजस्थान से अपनी रिश्तेदारी में आया था। कलेक्टर और एसपी की अगुवाई में रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है। बोरवेल में कैमरा ड़ाला गया था, जिसमें बालक हरकत करता नजर आ रहा है।



बड़नगर से करीब 40 किलोमीटर दूर झलारिया गांव है, जोकि मुख्य मार्ग से भी करीब 6 किलोमीटर अंदर है। इस गांव में राजस्थान से रिश्तेदारी में आए परिवार का 3 साल का मासूम बालक खेलते हुए खुले बोरवेल में जा गिरा। इसका पता चलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बोरवेल के आसपास भीड़ जमा हो गई। इसके साथ ही पुलिस को खबर दी गई।



सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कलेक्टर-एसपी

बोरवेल में मासूम बालक के गिरने की सूचना मिलते ही उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे और अपनी देखरेख में रेस्क्यू आपरेशन शुरु करवाया। दोनों अधिकारियों के साथ ही मौके पर बड़ी तादाद में पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है।



कैमरे में बालक की हरकत दिखाई दी

रेस्क्यू टीम ने करीब 60 से 70 फुट गहरे बोरवेल में कैमरा उतार कर देखा, तो उसमें मासूम बालक हरकत करता नजर आया। इससे उसके जीवित होने की पुष्टि होने से वहां मौजूद अफसरों के साथ ही ग्रामीणों में खुशी दौड़ गई। हालांकि बोरवेल गहरा और संकरा होने से अनहोनी की आशंका बनी हुई है और गांववाले बालक की सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं।



कैमरे में बच्चे की हरकत नजर आई, रेस्क्यू करवा रहे हैं

रेस्क्यू के साथ ही सेफ्टी का भी ध्यान रखा जा रहा है। बोरवेल में कैमरा ड़ालने पर उसमें बालक की हरकत नजर आई है, जिससे उम्मीद बंधी हुई है। मशीन आपरेटर्स सहित पूरी रेस्क्यू टीम को काम तेज रखने के साथ ही मौके पर लाइट सहित अन्य इंतजाम करवाए गए हैं। पूरी कोशिश है कि बच्चे को सकुशल निकाल लिया जाए।

-प्रदीप शर्मा,
पुलिस अधीक्षक, उज्जैन

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.