- मीनाल गेट-2 अयोध्या नगर, गेट - 3 व नरेला शंकरी चौराहे पर हालात सबसे ज्यादा खराब
भोपाल। शहर के अयोध्या बायपास क्षेत्र में इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी हुई है। मीनाल गेट नंबर-2, अयोध्या नगर चौराहा और नरेला शंकरी चौराहे पर ट्रैफिक के हालात बेहद खराब बने हुए हैं। इसके अलावा रत्नागिरी से करोंद चौराहे तक पूरे मार्ग पर भी दिनभर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। निर्माण कार्य के चलते जगह-जगह सड़क किनारे मलबे के ढेर पड़े हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत हो रही है। कई स्थानों पर निर्माण सामग्री बेतरतीब तरीके से फैली होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
सबसे चिंताजनक स्थिति मीनाल गेट-2 अयोध्या नगर, गेट-3 और नरेला शंकरी चौराहे पर देखी जा रही है, जहां यातायात नियंत्रण के लिए ट्रैफिक सिग्नल तक स्थापित नहीं हैं। सिग्नल के अभाव में वाहन चालक मनमाने ढंग से अपने वाहन निकालते हैं, जिससे बार-बार जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं इन प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती भी नहीं होने से अव्यवस्था और बढ़ रही है। पीक आवर्स के दौरान स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब स्कूल, ऑफिस और बाजार जाने वाले लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसना पड़ता है।
स्थानीय रहवासियों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएं, ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा सड़क चौड़ीकरण कार्य को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। साथ ही मलबा हटाकर सड़क को साफ किया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

