Type Here to Get Search Results !

मज़दूर दिवस पर जुलूस : " इंकलाब ज़िंदाबाद " के नारों के साथ फासीवाद के प्रतिरोध का आव्हान __

भोपाल । सारी दुनिया के मेहनतकशों के त्यौहार " मज़दूर दिवस " पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ,एटक और सम्बद्ध जन संगठनों के सदस्यों ने 1 मई को जुलूस निकालकर अपनी एकजुटता को अभिव्यक्त किया। " इंकलाब ज़िंदाबाद " , " मज़दूर दिवस ज़िंदाबाद " , " सारी दुनिया के मेहनतकशों एक हो " , " पूंजीवाद मुर्दाबाद " , " फासीवाद मुर्दाबाद " के गगनभेदी नारों के साथ निकले जुलूस में नृत्य और ढोल के साथ माहौल को उल्लासपूर्ण बनाया ।यह जुलूस स्थानीय जनकपुरी जुमेराती से शुरू होकर आज़ाद मार्केट, मंगलवारा चौराहा, इतवारा क्षेत्र, बुधवारा चौराहे से होकर वापस उसी मार्ग से जनकपुरी पहुंचा ।इतवारा क्षेत्र में जुलूस का स्वागत किया गया।शरबत पानी की व्यवस्था की गई। जुलूस की समाप्ति के बाद जनकपुरी क्षेत्र में भोज आयोजित किया गया।


इस अवसर पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के मध्य प्रदेश राज्य सचिव कॉमरेड शैलेन्द्र शैली ने सारी दुनिया के मेहनतकशों को मजदूर दिवस पर क्रान्तिकारी अभिवादन करते हुए मेहनतकशों पर गहराते संकट के लिए केन्द्र सरकार की फासीवादी प्रवृत्तियों को जिम्मेदार ठहराया ।कॉमरेड शैलेन्द्र शैली ने कहा कि " फासीवाद और पूंजीवाद का जन विरोधी गठजोड़ मेहनतकशों के लिए घातक है।इसका प्रतिरोध मेहनतकशों की वर्ग चेतना से ही किया जा सकता है।इसलिए मेहनतकशों की सत्ता स्थापित करने के हमारे महान लक्ष्य के पथ पर अग्रसर होने के लिए यह जरूरी है कि सारे मेहनतकश अपनी वर्ग चेतना के साथ फासीवादी ताकतों के खिलाफ लामबंद हों । "

एटक के प्रांतीय महासचिव कॉमरेड शिवशंकर मौर्य, अखिल भारतीय किसान सभा के प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष कॉमरेड प्रहलाद बैरागी , भाकपा के जिला सचिव कॉमरेड अजय राउत ने भी केन्द्र सरकार की मेहनतकशों के हितों के खिलाफ थोपी गई नीतियों की कड़ी भर्त्सना की ।

जुलूस में कॉमरेड मुन्ने खां,इब्राहिम ,फिदा हुसैन ,दीपक ,महफूज अल्तमश ,,शेर सिंह,नवाब उद्दीन,कल्लू खां,सईद खान ,दीपक साहू ,सरवन सहित सैकड़ों भाकपा और जन संगठनों के सदस्य शामिल हुए ।