Type Here to Get Search Results !

बालाघाट में कांग्रेस नेताओं को अजय सिंह की नसीहत: टिकट की दौड़ नहीं, संगठन पर दें ध्यान

  • अजय सिंह ने नेताओं को स्पष्ट संदेश देते कहा कि पार्टी के भीतर अनावश्यक रूप से टिकट की उम्मीदें बढ़ाना संगठन के लिए नुकसानदायक साबित होता है

बालाघाट। बालाघाट में कांग्रेस संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय सिंह शुक्रवार देर रात पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्र्ताओं के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने पार्टी की अंदरूनी स्थिति, संगठनात्मक एकजुटता और चुनावी रणनीति को लेकर खुलकर चर्चा की। बैठक में अजय सिंह ने नेताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पार्टी के भीतर अनावश्यक रूप से टिकट की उम्मीदें बढ़ाना संगठन के लिए नुकसानदायक साबित होता है। उन्होंने कहा कि कई बार नेता कार्यकर्ताओ और समर्थकों को टिकट दिलाने का भरोसा दे देते हैं, जिससे चुनाव के समय एक ही सीट पर कई दावेदार सामने आ जाते हैं। बाद में टिकट एक व्यक्ति को मिलने पर बाकी लोग असंतोष की भावना में आ जाते हैं, जिसका सीधा असर संगठन पर पड़ता है।



कार्यकर्ताओं को संयम और अनुशासन का संदेश

अजय सिंह ने नेताओं से अपील की कि वे अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओ को सही दिशा में मार्गदर्शन दें तथा व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ज्यादा पार्टी हित को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि टिकट का निर्णय पार्टी नेतृत्व और परिस्थितियों के अनुसार होता है, इसलिए नेताओं को अनावश्यक दावे या वादे करने से बचना चाहिए। बैठक के दौरान उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय उईके की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें ईमानदार और समर्पित नेता बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब सभी नेता आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करेंगे। अजय सिंह के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। कई कार्यकर्ता इसे संगठन में अनुशासन लाने की कोशिश मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे टिकट की राजनीति पर सीधा संदेश बता रहे हैं।



इनकी रही उपस्थित

मध्य प्रदेश विधानसभा पूर्व नेता प्रतिपक्ष व चुरहट (सीधी) विधायक अजय सिंह के आगमन के दौरान पूर्व विधायक अशोक सिंह सरस्वार, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट अशोक सिंह सरस्वार, पूर्व उपाध्यक्ष म.प्र. विधानसभा सुश्री हिना कांवरे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं विधायक संजय उईके, बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे, वारासिवनी विधायक विवेक विक्की पटेल, कांग्रेस नेत्री श्रीमती पुष्पा बिसेन, संगठन महासचिव शफकत खान, शहर अध्यक्ष श्याम पंजवानी, खमरिया ब्लॉक अध्यक्ष दमन सिंह राहंगडाले, भरवेली ब्लॉक अध्यक्ष अनिल बनोटे सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन,सम्मानित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।