Type Here to Get Search Results !

रक्षा सखी अभियान: बड़वानी पुलिस दे रही जनजातीय छात्राओं को सुरक्षा और अपने अधिकारों की जानकारी

  • बड़वानी जिला पुलिस अधीक्षक की पहल से हो रहा सकारात्मक परिवर्तन
  • स्कूली छात्राओं को सायबर क्राइम से बचाव और आत्मरक्षा के दिए जा रहे टिप्स

बड़वानी। जनजातीय छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस रक्षा सखी अभियान चला रही है। इसमें अनुसूचित जनजाति पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में जागरूकता कार्यक्रम हो रहे हैं।
 

बड़वानी पुलिस की इस पहल में छात्राओं को अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना तथा महिला संबंधी अपराधों के बारे में विस्तार से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

हेल्पलाइन नंबरों के साथ ही उनके उपयोग की दी जा रही जानकारी

इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930, डायल-112 तथा अन्य पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग किया जा सके।

ग्रामीण अंचल की बालिकाओं और महिलाओ के लिए मददगार

कार्यक्रम में छात्राओं की महिला सुरक्षा और जागरूकता से जुड़े विषयों पर सक्रिय सहभागिता दिखाई दे रही है तथा स्वयं को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाने का संकल्प भी कराया जा रहा है। बड़वानी पुलिस का रक्षा सखी अभियान जनजातीय एवं ग्रामीण अंचलों की बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बन रहा है।



जागरुक करके जिम्मेदार नागरिक बनने का दे रहे हैं संदेश

साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, आॅनलाइन धोखाधड़ी से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा की जानकारी दी जा रही है। साथ ही ट्रैफिक और रोड सेफ्टी के लिए जागरूक करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया जा रहा है।

--पद्मविलोचन शुक्ला,
एसपी, बडवानी