भोपाल । मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज 30 जुलाई को सेनानी, 7 वीं वाहिनी विसबल, भोपाल हितेश चौधरी ने लाल परेड ग्राउंड, भोपाल में 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड के पूर्वाभ्यास के दौरान 800 पुलिसकर्मियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान सभी अधिकारियों एवं जवानों ने नशे से दूर रहने, अपने परिवार, कार्यस्थल एवं समाज को नशामुक्त बनाने तथा राष्ट्र सेवा के अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य सिंहारिया, उपसेनानी डेनियल जोज़फ सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सेनानी हितेश चौधरी ने अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस परेड की तैयारियों के बीच आयोजित यह शपथ कार्यक्रम न केवल पुलिस बल को नशामुक्त, अनुशासित एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि समाज में नशामुक्ति का सशक्त संदेश देने का भी प्रभावी प्रयास है।