Type Here to Get Search Results !

कमिश्नर कर्मवीर शर्मा के सख्त निर्देश-50 दिन से लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का करें निराकरण

  • रायसेन जिले में शासकीय विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए संभाग आयुक्त ने विभागवार दिए निर्देश
रायसेन। भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा शुक्रवार को रायसेन पहुंचे और कलेक्ट्रेट रायसेन में विभिन्न विभागों के कार्यो की समीक्षा हुई। शर्मा ने जिला अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तथा सेवाओं की प्रदायगी समयावधि में पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी संकल्पित होकर कार्य करें। सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए 50 दिवस से अधिक समयावधि की लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीएफओ प्रतिभा शुक्ला, डीएफओ औबेदुललागंज हेमन्त रायकवार, अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय तथा जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अनुभागों से सभी एसडीएम तथा अन्य अधिकारी वीसी से शामिल हुए। कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने शासन की योजनाओं तथा कार्यो की प्रगति से अवगत कराया गया।



राजस्व अधिकारियों से कहा-समयसीमा का ध्यान रखें

संभागायुक्त शर्मा ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा आदि राजस्व प्रकरणों के निराकरण की तहसीलवार समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरणों को समयसीमा के पहले ही निराकृत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि एक भी प्रकरण समय सीमा से बाहर ना हो, यह सुनिश्चित कराएं। इसी प्रकार लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए समय सीमा में निराकरण हेतु निर्देशित किया गया। सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए 50 दिवस से अधिक समयावधि की लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

वृंदावन ग्राम योजना में चयनित 4 गांवों की जानकारी ली

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना अंतर्गत जिले में चयनित चार ग्रामों की जनपद स्तर पर पांच वर्षो की कार्ययोजना तैयार हो गई है। संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए आवासों का निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि हितग्राहियों को किस्त का भुगतान समय पर हो तथा राशि का उपयोग आवास निर्माण में ही हो यह सुनिश्चित कराएं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत समग्र सीडिंग कार्य समय से पूर्ण कराने, जनमन योजना और धरती आबा योजना के तहत चिन्हित ग्राम पंचायतों में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति, एक बगिया मां के नाम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों तथा पुल-पुलियों का निर्माण, नवीन पंचायत भवनों के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया।

जनकल्याण संबल योजना के आवेदनों के निराकरण के निर्देश

नगरीय विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल 2.0 योजना के तहत लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करने, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित कराने, पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने, स्वच्छ भारत मिशन शहरी अंतर्गत निकायों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थिति तथा दूषित पेयजल प्रबंधन हेतु जारी एसओपी अनुसार समस्त कार्यवाहियां पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की भी समीक्षा करते हुए स्वीकृत आवासों तथा किस्त भुगतान की जानकारी ली।

पीएचई का अमला शुद्ध पेयजल मुहैया करवाए

संभागायुक्त शर्मा ने पीएचई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल मिले यह सुनिश्चित कराएं। बारिश में पेयजल दूषित होने से कई बार बीमारियां फैलती हैं। इनकी रोकथाम हेतु हैण्डपम्प, कुएं आदि जल स्त्रोतों के जल के समय-समय पर नमूने लेकर जांच कराएं! उन्होंने सीएमएचओ से दूषित जलजनति बीमारियों की रोकथाम हेतु दवाओं की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए सभी स्वास्थ्य केन्द्रों तथा अस्पतालों में इनकी पर्याप्त उपलब्धता हेतु निर्देशित किया। नगरीय निकायों को भी इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए।

मूंग उपार्जन के दौरान व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखें

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने मूंग उपार्जन की जानकारी लेते हुए कहा कि केन्द्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं हों तथा शासन के निदेर्शों के अनुरूप ही उपार्जन कराएं। उपार्जित उपज का समय पर सुरक्षित भण्डारण भी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जिले में खरीफ फसल की बोवनी, खाद की उपलब्धता तथा वितरण, जिले में संचालित कस्टम हायरिंग सेंटर की भी जानकारी ली। महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अतिकुपोषित और कुपोषित बच्चों को श्रेणी से बाहर निकालने किए जा रहे प्रयासों, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं तथा दवाओं की उपलब्धता, एएनसी रजिस्ट्रेशन, हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, टीबी मुक्त भारत अभियान तथा निक्षय मित्र अभियान आदि की जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश दिए।

दुग्ध उत्पादन बढाने के साथ ही मेंटर विजिट पर फोकस

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए कहा। उन्होंने कक्षा प्रथम में इस वर्ष प्रवेशित बच्चों की जानकारी लेते हुए सभी बच्चों को प्रवेशित कराने, शत-प्रतिशत बच्चों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण, मिशन अंकुर के तहत मेंटर विजिट प्रगति की जानकारी ली। परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी को स्कूल बसों की समय-समय पर फिटनेस, मेडिकल किट की उपलब्धता की जांच हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार मत्स्य विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, वन विभाग, परिवहन विभाग, जल संसाधन सहित अन्य विभागों की समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिए गए।