बेगमगंज । बहनों के पावन पर्व रक्षाबंधन पर दो बहनों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पहली घटना निकटवर्ती ग्राम वीरपुर में एक 27 वर्षीय युवती ने मायके जाने की जिद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली जबकि दूसरी घटना में नगर में श्यामनगर निवासी एक पुजारी की 52 वर्षीय पत्नी ने राखी पर पकवान बनाने के लिए सामग्री लाने की बात पर हुए विवाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम वीरपुर निवासी सुमित गौर की 27 वर्षीय पत्नी श्रीमती रूबी गौर ने रक्षाबंधन पर अपने मायके ग्राम बेरी तहसील खुरई जिला सागर जाने की जिद की तो पति सुमित गौर ने परिवार में अंधरे ( गमी ) ,का त्यौहार होने का बोलकर दो दिन बाद छोड़ने का कह दिया था और रक्षाबंधन एवं घरेलू सामान खरीदने बेगमगंज बाजार आ गया। सामान खरीदकर जब वो वापिस घर पहुंचा तो देखा कि उसके दोनों पुत्र एक 5 वर्षीय एवं दूसरा 7 वर्षीय बाहर खेल रहे थे । पत्नी को तलाश किया लेकिन वो कहीं नही दिखी। घर में एक कमरे का दरवाजा बंद मिला, बहुत आवाजे देने पर नहीं खुला तो दरवाजे के लॉक को तोड़ने के बाद देखा कि अंदर पंखे के कुन्दे पर पत्नी रूबी गौर झूल रही है।
घटना की सूचना उसने तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पंचनामा उपरांत शव को बरामद कर मामला दर्जकर लिया है।
दूसरी दुखद घटना में नगर के वार्ड क्र.17 श्यामनगर टेकरी वाले मंदिर के पुजारी पंडित फूलचंद दुबे की 52 वर्षीय पत्नी श्रीमती रजनी दुबे ने रक्षा बंधन पर्व पर पकवान बनाने के लिए सामग्री लाने के लिए हुए मामूली विवाद पर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुजारी फूलचंद दुबे के बताए अनुसार वो निकटवर्ती ग्राम ध्वाज के निवासी हैं और पिछले कुछ वर्षों से श्यामनगर मंदिर में पुजारी होकर यहीं पर निवास करते हैं। उनके तीन पुत्र है।
बीती गुरुवार की शाम को उनकी पत्नी रजनी दुबे ने रक्षाबंधन पर पकवान बनाने के लिए सामान लाने को कहा तो उन्होंने थोड़ी देर में जाकर लाने की बात कही तो वो बहस करने लगी। तब वो दुकान पर सामान खरीदने चले गए थे। वापिस लौटने पर उन्होंने घर आकर देखा कि उनकी पत्नी फांसी के फंदे पर झूल रही है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी रूम में रखवा दिया था जिसका आज शुक्रवार की सुबह पोस्टमार्टम किए गया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।