Type Here to Get Search Results !

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा-आज लगाया पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित भविष्य प्रदान करेगा

‘उल्लास’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण अभियान प्रारंभ,  इस क्षेत्र में 1000 से अधिक पौधे रोपे जाएंगे

भोपाल।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के निर्देशानुसार संचालित ‘उल्लास’ कार्यक्रम के अंतर्गत आज 01 अगस्त 2026 को प्रातः 10:30 बजे अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के पीछे स्थित वन विभाग की भूमि पर वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल मनोज कुमार श्रीवास्तव ने किया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, जलवायु संतुलन, जैव विविधता का संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण हेतु जन-जागरूकता उत्पन्न करना है।                                                                             

जिला न्यायपालिका, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला अधिवक्ता संघ एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पौधों का रोपण किया गया। यह वृक्षारोपण अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा इस मुहिम के अंतर्गत उक्त क्षेत्र में 1000 से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों, पैरालीगल वालंटियर्स एवं छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का सशक्त संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया।



इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश राजर्षि श्रीवास्तव, अन्य जिला न्यायाधीशगण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अग्नीन्द्र कुमार द्विवेदी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुनीत अग्रवाल, अन्य न्यायिक मजिस्ट्रेटगण, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव मुकेश नागपुरे, वन विभाग के एस.डी.ओ. धीरज सिंह चौहान, जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी, एस.डी.ओ.पी. सुश्री अन्तिमा समाधिया, अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी मोहन सिंह, रेंज अधिकारी दीपक श्रीवास्तव सहित अधिवक्तागण, पैनल अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के अधिवक्तागण, पैरालीगल वालंटियर्स, न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।                                             

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण का आधार नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व का आधार हैं। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अधिकाधिक वृक्ष लगाए तथा उनके संरक्षण का दायित्व भी निभाए। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व सुरक्षित भविष्य प्रदान करेगा। सामूहिक सहभागिता से ही हरित एवं संतुलित पर्यावरण का निर्माण संभव है।”



कार्यक्रम के अंत में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल सुनीत अग्रवाल ने सभी न्यायाधीशगण, वन विभाग, पुलिस विभाग, जिला अधिवक्ता संघ, अधिवक्तागण, पैनल अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के अधिवक्तागण, पैरालीगल वालंटियर्स, अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों एवं छात्र-छात्राओं, न्यायालय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारियों सहित सभी सहभागीजन के प्रति कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु हार्दिक आभार व्यक्त किया।