बेगमगंज । भाई- बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घरों में जहां बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख- समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों की खुशियों और सुरक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।
वहीं उप जेल में भाई-बहन के रिश्ते का भावुक नज़ारा देखने को मिला। अपने भाइयों से मिलने पहुंचीं बहनों ने जेल परिसर में उनकी कलाई पर राखी बांधी और सुखी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
काफी समय बाद भाइयों से मिलकर कई बहनें भावुक हो उठीं। राखी बांधते समय भाई-बहन के बीच उमड़े स्नेह और अपनत्व के भाव ने माहौल को भावुक कर दिया। इस दौरान जेल परिसर में मौजूद अन्य लोगों ने भी भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते की भावनाओं को करीब से महसूस किया।
वहीं भाइयों ने भी बहनों के प्रति अपने प्रेम और जिम्मेदारी का भाव व्यक्त किया। रक्षाबंधन का यह अवसर जेल की चारदीवारी के बीच भी रिश्तों की गर्माहट और भाई-बहन के अटूट प्रेम का संदेश दे गया।