Type Here to Get Search Results !

बनवीर सिंह राजपूत फिर बने अध्यक्ष, विद्युत मंडल कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी संस्था का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न

भोपाल। मध्यप्रदेश विद्युत मंडल कर्मचारी गृह निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित, भोपाल के 11 सदस्यीय संचालक मंडल एवं पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। 28 जुलाई 2026 को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पदाधिकारियों का निर्वाचन किया गया, जिसमें पूर्व अध्यक्ष बनवीर सिंह राजपूत को पुनः अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं श्री ओ.पी. सिकरवार एवं श्रीमती रुक्मणि पंथी को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।


निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार संचालक मंडल में रमेश कुमार नागर, ओमप्रकाश शर्मा, मेघदूत सान्याल, वीरेंद्र गुर्जर, श्रीमती ज्योति किरण राजपूत, हरनारायण पटेरिया, श्रीमती लता एन्थोनी एवं श्रीमती शांता वर्मा निर्विरोध संचालक निर्वाचित हुए। संचालक मंडल का निर्वाचन 22 जुलाई 2026 को संपन्न हुआ था, जिसके बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों का निर्वाचन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया।

नवनिर्वाचित संचालक मंडल ने पूर्व अध्यक्ष बनवीर सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में संस्था के प्रशासनिक कार्यों, विभिन्न समितियों एवं दायित्वों का वितरण किया। निर्वाचन के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं संचालकों ने अपना-अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।

उल्लेखनीय है कि पिछले पांच वर्षों के कार्यकाल में बनवीर सिंह राजपूत के नेतृत्व में कॉलोनी के रखरखाव, नवनिर्माण तथा मूलभूत व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित किया गया। कॉलोनी की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं में बेहतर कार्य के लिए राज्य शासन द्वारा प्राइवेट बिजली नगर कॉलोनी गोविंदपुरा को दो बार स्वच्छता में प्रथम पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

संस्था के सदस्यों एवं कॉलोनीवासियों ने पूर्व कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को देखते हुए पुनः बनवीर सिंह राजपूत के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त किया। निर्विरोध निर्वाचन पर संस्था के सदस्यों एवं कर्मचारियों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं संचालकों को बधाई देते हुए संस्था के विकास तथा सदस्यों के हित में निरंतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।