Type Here to Get Search Results !

28 , 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल, 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल

  • पांच दिवसीय बैंक सप्ताह लागू करो की मांग को लेकर भोपाल में बैंक कर्मियों का प्रभावी धरना

भोपाल । यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस के आह्वान पर आज दोपहर 3.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक राजधानी भोपाल के सैकड़ो बैंक कर्मचारियों- अधिकारियों द्वारा "पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करो" की मांग को लेकर पंजाब नैशनल बैंक इंदिरा प्रेस कांपलेक्स शाखा भोपाल के सामने प्रभावी धरना दिया गया। 


धरना समाप्त होने के पश्चात सैकड़ो बैंक कर्मियों द्वारा अपनी मांग के समर्थन में जोरदार नारेबाजी कर इंकलाबी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के पश्चात सभा हुई जिसे बैंक कर्मचारी अधिकारी श्रमिक संगठनों के पदाधिकारीयों संजीव मिश्रा, वी के शर्मा, नजीर कुरैशी, दिनेश झा,प्रवीण मेघानी, निर्भय सिंह ठाकुर, भगवान स्वरूप कुशवाहा, संजय कुदेशिया, अनिल कुमार श्रीवास्तव,सुबिन सिन्हा, वी एस नेगी, संदीप चौबे, अंबरीश नंदा, मनीष चतुर्वेदी, पंकज ठाकुर, जे पी झवर, गुणशेखरन, अशोक पंचोली,जे पी दुबे, देवेंद्र खरे, दीपक नायर, राजीव उपाध्याय, महेंद्र गुप्ता, अमित गुप्ता, सुनील देसाई, सत्येंद्र चौरसिया, मनीष भार्गव, अमोल अचवाल आदि ने संबोधित किया।

 वक्ताओं ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू किया जाना अब विलास नहीं बल्कि आवश्यकता बन चुका है।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बैंक कर्मचारी अत्यधिक कार्यभार, लक्ष्य आधारित दबाव और मानसिक तनाव के बीच कार्य कर रहे हैं। सप्ताह में छह दिन कार्य करने की व्यवस्था से कर्मचारियों का कार्य–जीवन संतुलन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिसका सीधा असर उनकी कार्यक्षमता और स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू होने से ग्राहकों की बैंकिंग सेवाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। आज डिजिटल बैंकिंग, एटीएम, मोबाइल एवं इंटरनेट बैंकिंग जैसी सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं। तनावमुक्त और संतुष्ट कर्मचारी ही ग्राहकों को बेहतर सेवा दे सकते हैं।


वक्ताओं ने कहा कि भारतीय बैंक संघ एवं केंद्र सरकार द्वारा इस मांग पर पूर्व में सहमति दी जा चुकी है। यूनियन और इंडियन बैंक एसोसिएशन के बीच 8 मार्च 2024 को इस बाबत लिखित समझौता भी हो चुका है। इसके बावजूद 30 महीने से ज्यादा समय हो जाने के बावजूद भीअब तक इसे लागू न किया जाना कर्मचारियों के साथ अन्याय और वादा-खिलाफी है।

उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में बैंक कर्मचारियों ने जान जोखिम में डालकर बैंकिंग सेवाएं निरंतर जारी रखीं और सरकार की सभी योजनाओं को सफलतापूर्वक जन-जन तक पहुँचाया। इसके बावजूद आज उनकी जायज़ मांगों की अनदेखी की जा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू नहीं किया तो 28 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल और 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन बैंक हड़ताल की जाएगी।