Type Here to Get Search Results !

गायत्री शक्तिपीठ भोपाल पर श्राद्ध-तर्पण का प्रथम दिवस संपन्न

  • श्राद्ध कार्य उत्साह से करें, इसमें प्रमाद न करें - देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव
भोपाल। गायत्री शक्तिपीठ, एमपी नगर भोपाल पर पितृपक्ष के प्रथम दिवस श्राद्ध-तर्पण एवं पिंडदान कार्यक्रम श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।


कार्यक्रम में प्रांतीय प्रचार-प्रसार सेवक देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने श्रद्धालुओं को तर्पण-पिंडदान कराते हुए कहा कि श्राद्ध कार्य उत्साह से करना चाहिए, इसमें कदापि प्रमाद नहीं करना चाहिए। देवताओं और पितरों से संबंधित कार्यों में बड़े उत्साह से भागीदारी करनी चाहिए। श्राद्ध पक्ष अपने पूर्वजों के पुण्य स्मरण का पर्व है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दिवंगत पितरों और घनिष्ठ संबंधियों का श्रद्धापूर्वक श्राद्ध करना चाहिए और 16 दिन तक रोज तर्पण करना चाहिए। परोपकारियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन के इस पर्व को देखने और सेवा कार्य के लिए एक दिन अपने बच्चों को भी अवश्य लाना चाहिए, ताकि संस्कार परम्परा अगली पीढ़ी तक हस्तांतरित हो सके।

प्रथम दिवस के कार्यक्रम में दो महिला जोड़ो सहित 35 से अधिक श्रद्धालुओं ने भागीदारी की। इस अवसर पर वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा के महाप्रयाण दिवस पर समयदान रूपी विशेष पुष्पांजलि अर्पित की गई।

जिला समन्वयक रमेश नागर ने भोपाल वासियों से विनम्र अपील की है कि इस निःशुल्क श्राद्ध-तर्पण, पिंडदान कार्यक्रम में सहभागी बनकर अपने पूर्वजों का आशीर्वाद प्राप्त करें।

गायत्री शक्तिपीठ पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी रोज सुबह 8 से 10 बजे तक निःशुल्क तर्पण-पिंडदान कराया जा रहा है। कार्यक्रम व्यवस्था में वासुदेव डांगे एवं व्यास जी का विशेष सहयोग रहा।