Type Here to Get Search Results !

जीआईएस आधारित नवाचार के लिए मध्यप्रदेश को ‘अचीवमेंट इन जीआईएस अवार्ड’

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में नगरीय विकास के क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी और आधुनिक तकनीकों का बेहतर उपयोग किया जा रहा है। इसी तारतम्य में नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा विकसित गरुड़ (जीआईएस आधारित अर्बन डेटा एनालिटिक्स सेंटर) के उत्कृष्ट उपयोग के लिए मध्यप्रदेश को प्रतिष्ठित ‘अचीवमेंट इन जीआईएस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।


नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह सम्मान ग्रहण किया। एसरी इंडिया के निदेशक अजेन्द्र कुमार ने श्री भोंडवे को यह सम्मान प्रदान किया।  गरुड़ एक एकीकृत जीआईएस आधारित मंच है, जिसके माध्यम से नगरीय निकायों के विभिन्न शहरी एवं राजस्व संबंधी आंकड़ों को एकीकृत कर उनका स्थानिक विश्लेषण किया जा रहा है। इससे योजनाओं की बेहतर निगरानी, विश्लेषण और आंकड़ा आधारित निर्णय लेने में सहायता मिल रही है।

गरुड़ के माध्यम से संपत्ति एवं राजस्व संबंधी जानकारी का मानचित्र आधारित विश्लेषण, अपंजीकृत एवं संभावित नई संपत्तियों की पहचान तथा राजस्व वृद्धि से जुड़े विश्लेषण किए जा रहे हैं। साथ ही जलापूर्ति एवं सीवरेज नेटवर्क, भूमि उपयोग, अतिक्रमण, भवन अनुज्ञा और नगरीय अधोसंरचना की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया गया है।

गरुड़ के अंतर्गत विकसित पर्यवेक्षण प्रणाली से नगरीय सेवाओं एवं अधोसंरचना की स्थिति का मानचित्र आधारित विश्लेषण संभव हो रहा है। इससे परिसंपत्तियों की निगरानी और शहरी सेवाओं के बेहतर प्रबंधन में सहायता मिल रही है। श्री संकेत भोंडवे ने कहा कि यह सम्मान मध्यप्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन और आधुनिक नगरीय प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। गरुड़ के माध्यम से आंकड़ों को निर्णय लेने का प्रभावी आधार बनाया जा रहा है, जिससे नगरीय निकायों की कार्यक्षमता, राजस्व प्रबंधन और नागरिक सेवाओं को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।