Type Here to Get Search Results !

बीएचईएल ऑफिसर्स क्लब, भोपाल में दो दिवसीय गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन

भोपाल, 19 अक्टूबर। बीएचईएल ऑफिसर्स क्लब, भोपाल में 17 एवं 18 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, मधुर संगीत और गरबा की मनमोहक धुनों के बीच प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों की छटा देखने को मिली। 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीएचईएल के निदेशक (O, R&D) एस. एम. रामनाथन एवं श्रीमती संगीता रामनाथन उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक पी. के. उपाध्याय एवं लेडीज़ क्लब की अध्यक्ष श्रीमती रोज़ी उपाध्याय ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर ऑफिसर्स क्लब के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक श्री रूपेश तेलंग, उपाध्यक्ष श्री राजेश कुमार परते तथा प्रबंध समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।


महोत्सव में वरिष्ठ महाप्रबंधकों, अधिकारियों, ऑफिसर्स क्लब के सदस्यों और उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की सहभागिता से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। पारंपरिक वेशभूषा और गरबा की लय पर थिरकते कदमों ने भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।गरबा महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों के नृत्य कौशल, पारंपरिक वेशभूषा और उत्साह को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया गया।

17 अक्टूबर 2026 के विजेता

 सर्वश्रेष्ठ नृत्यांगना: श्रीप्रिया आनंद

 सर्वश्रेष्ठ महिला वेशभूषा: नेहा सोनी

 सर्वश्रेष्ठ पुरुष वेशभूषा: अर्पित जोशी

 सर्वश्रेष्ठ युगल: धनेश कान्त वर्मा एवं दीपाली वर्मा

 सर्वश्रेष्ठ बाल प्रतिभागी: अन्वेषा मेहर

18 अक्टूबर 2026 के विजेता


 सर्वश्रेष्ठ नृत्यांगना: संस्कृति जोशी

 सर्वश्रेष्ठ महिला वेशभूषा: कल्पना कुमारी, आकांक्षा तिवारी एवं वंदना अग्रवाल

 सर्वश्रेष्ठ युगल: अंकित सिंह एवं विशाखा सिंह

 सर्वश्रेष्ठ बाल प्रतिभागी: अनन्या जोशी


दो दिवसीय इस आयोजन ने बीएचईएल परिवार को एक साथ आकर सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, इसने अधिकारियों एवं उनके परिवारों के बीच आपसी सौहार्द, एकता और पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्साह और उल्लास से परिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ गरबा महोत्सव 2026 बीएचईएल ऑफिसर्स क्लब की सांस्कृतिक गतिविधियों की एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ। इस आयोजन ने प्रतिभागियों को आनंदमय एवं अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति उत्साह को भी नई ऊर्जा दी।