Type Here to Get Search Results !

कुलदेवी माता महालक्ष्मी एवं महाराजा अग्रसेन जी की 31वीं महाआरती सम्पन्न

  • अग्रवाल समाज ने पांच वरिष्ठजनों का किया सम्मान,  
  • सेवा, संस्कार और समाजकल्याण ही अग्रवाल समाज का मुख्य उद्देश्य – नितिन कुमार गुप्ता एवं मुकेश गोयल


भोपाल। अग्रवाल समाज द्वारा आराध्य देव महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी माता महालक्ष्मी की 31वीं महाआरती रविवार को ‘श्री अग्रसेन वाटिका’, आईटीसी पार्क, कमला पार्क के सामने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुई। बड़ी संख्या में अग्रबंधु सपरिवार शामिल हुए और समाज, प्रदेश एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।


महाआरती की मुख्य जजमानी अग्रवाल मेडिकल स्टोर, न्यू मार्केट के सुरेश अग्रवाल ने की। अग्रसेन आरती समूह के आयोजक नितिन कुमार गुप्ता एवं मुकेश गोयल ने कहा कि महाआरती का उद्देश्य समाज को संगठित कर सेवा, संस्कार, समरसता एवं समाजकल्याण की भावना को मजबूत करना तथा महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “एक ईंट, एक रुपया” का सिद्धांत समाज में सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।



वरिष्ठजनों का सम्मान

अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्रसेन आरती समूह द्वारा डॉ. रमेश गोयल, हुकुम जी अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल, कमलकांत अग्रवाल एवं हरिनारायण अग्रवाल का महाराजा अग्रसेन जी का स्मृति चिह्न, दुपट्टा एवं पुष्पहार भेंट कर सम्मान किया गया।

महाआरती के दौरान लक्की ड्रॉ भी निकाला गया। चैत्र नवरात्र 2024 से प्रारंभ हुई यह महाआरती अब अग्रवाल समाज की एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा बन चुकी है। आयोजकों ने आगामी महाआरतियों को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा अधिक से अधिक अग्रबंधुओं को जोड़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। अग्रसेन आरती समूह ने सभी सहयोगकर्ताओं एवं अग्रबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।