- खेल प्रतिभा, अनुशासन और सांस्कृतिक रंगों का दिखा संगम, बच्चों का उत्साह बढ़ाने उमड़े अभिभावक और नगरवासी
बेगमगंज । नगर की अग्रणीय शैक्षणिक संस्था सेंट थॉमस कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम प्रियंका भलावी के मुख्य आतिथ्य तथा एसडीओपी सोनाली गुप्ता के विशेष आतिथ्य में हुआ। विशिष्ट अतिथियों के रूप में बीईओ राजेंद्र श्रीवास्तव, बीआरसीसी अर्जुन सिंह सिसोदिया, टीआई राजीव उईके और पीटीए अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिस्टर ट्रेसा ने की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर मरीना, हेड बॉय अक्षांश सोनी, हेड गर्ल माही सिंह सोलंकी एवं विद्यालय स्टाफ ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बना दिया।
वार्षिक खेलकूद समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों की अनुशासित परेड रही। अतिथियों ने वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की सलामी स्वीकार की। विद्यालय के बैंड दल ने शानदार प्रस्तुति देते हुए दिल्ली के लाल किले का दृश्य साकार किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
छोटे-छोटे बच्चों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। विद्यार्थियों ने फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन और हॉकी सहित विभिन्न खेलों से जुड़ी सामग्री के साथ आकर्षक प्रस्तुतियां देकर खेलों के प्रति अपनी रुचि और उत्साह प्रदर्शित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से छोटे बच्चों द्वारा वन संपदा के महत्व और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नृत्य एवं गीतों के माध्यम से दिया गया संदेश सराहनीय रहा। इन प्रस्तुतियों ने मनोरंजन के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।
खेलकूद प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी ऊर्जा, कौशल, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
अतिथियों और अभिभावकों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदीप सोनी शून्य ने किया। अंत में प्राचार्य सिस्टर मरीना ने आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों, सहयोगियों और विद्यालय के समस्त स्टाफ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
