Type Here to Get Search Results !

रैंकर्स पब्लिक स्कूल की बस पेड़ से टकराई, एक दर्जन से अधिक बच्चों को चोटें

  • हादसे के बाद निजी अस्पताल में कराया गया इलाज, पुलिस को सूचना नहीं देने के आरोप; स्कूल बसों की जांच की मांग
बैरसिया। सोमवार दोपहर रैंकर्स पब्लिक स्कूल की एक बस स्कूली बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान करीब 3 बजे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस में सवार एक दर्जन से अधिक बच्चों के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद पुलिस को सूचना नहीं देने का आरोप

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन द्वारा पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई। घायल बच्चों को एक निजी अस्पताल में ले जाकर उपचार कराया गया और बाद में उनके परिजनों के साथ घर भेजे जाने की बात सामने आई है। घटना की पुलिस को सूचना नहीं दिए जाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, मामले में स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।

पहले भी क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की शिकायत

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले निजी स्कूलों की बसों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाए जाने को लेकर स्थानीय प्रशासन से शिकायत किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद स्कूल बसों की व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर अब सवाल उठ रहे हैं।



स्कूल बसों की जांच की मांग

हादसे के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में संचालित निजी स्कूलों की बसों की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को केवल हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही स्कूल बसों की फिटनेस, चालक-परिचालक की व्यवस्था, क्षमता के अनुसार बच्चों की संख्या और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े।

क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने जैसी शिकायतें 

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों की नियमित जांच हो रही है, तो क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने जैसी शिकायतें सामने क्यों आ रही हैं और हादसे के बाद पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई?