Type Here to Get Search Results !

“जब सड़कें सूनी हो जाती हैं, तो संसद तानाशाह हो जाती है” — डॉ. राममनोहर लोहिया जी के विचार आज भी लोकतंत्र की मजबूती का संदेश देते हैं : सूरज जायसवाल

  • भोपाल एवं जबलपुर में मनाई गई डॉ. राममनोहर लोहिया जी की पुण्यतिथि
भोपाल/जबलपुर, 12 अक्टूबर। जनता दल (यूनाइटेड), मध्य प्रदेश द्वारा समाजवादी चिंतक एवं प्रखर विचारक डॉ. राममनोहर लोहिया जी की पुण्यतिथि के अवसर पर भोपाल में उनकी प्रतिमा तथा जबलपुर स्थित पार्टी कार्यालय में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।




इस अवसर पर जदयू मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री सूरज जायसवाल ने डॉ. लोहिया जी को नमन करते हुए कहा कि लोहिया जी मजबूत लोकतंत्र, सशक्त संसद और सामाजिक समानता के प्रबल समर्थक थे। उनके विचार आज भी भारतीय लोकतंत्र के लिए प्रासंगिक हैं। उनका मानना था कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जनता की जागरूकता, सक्रिय भागीदारी और जनहित के मुद्दों पर उसकी आवाज उठाने में निहित है।




श्री जायसवाल ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया जी समाजवादी विचारधारा के प्रमुख स्तंभ थे। वे ऐसे समाज की स्थापना चाहते थे, जहां जाति, वर्ग और ऊंच-नीच के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो तथा प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्राप्त हों। उनका राजनीतिक जीवन सामाजिक न्याय, समानता और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष का प्रतीक रहा है।




उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया जी का मानना था कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति का मत समान महत्त्व रखता है। इसी विचारधारा के अनुरूप उन्होंने राजनीतिक व्यवस्था में आम आदमी की भागीदारी और सामाजिक समानता को विशेष महत्त्व दिया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि लोकतंत्र केवल सत्ता संचालन की व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही और सेवा का माध्यम भी है।




प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि डॉ. लोहिया जी को अधिक समय तक देश की सेवा करने का अवसर मिलता, तो वे अपने समाजवादी विचारों और सिद्धांतों के माध्यम से देश को नई दिशा देने के लिए निरंतर प्रयास करते। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और समान अवसर पहुंचाने का संकल्प लिया जाए।




श्री जायसवाल ने कहा कि जनता दल (यू) के राष्ट्रीय नेतृत्व की समाजवादी विचारधारा और जनसेवा की भावना से प्रेरणा लेते हुए पार्टी मध्य प्रदेश में भी जनहित के मुद्दों को उठाने तथा राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया जी के आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।




कार्यक्रम में उपस्थित रहे




भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में जदयू प्रदेश महासचिव श्री सोभाल सिंह, श्री सुरेंद्र त्यागी तथा भोपाल नगर अध्यक्ष श्री श्रवण गुप्ता सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में श्री संजय शुक्ला, श्री कंचन चौधरी, श्री संतोष नेमा, श्री सुभाष जायसवाल, श्री इमाम खान, श्री उदय पाटील सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने डॉ. राममनोहर लोहिया जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।




कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. लोहिया जी के समाजवादी सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।