- अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोलकाता सहित प्रमुख शहरों से मध्य प्रदेश आने-जाने वाली उड़ानों के किराए 5 से 10 गुना तक बढ़ने पर CAIT ने जताई गंभीर चिंता; धर्मेंद्र शर्मा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर की तत्काल हस्तक्षेप की मांग
भोपाल। त्योहारों एवं छुट्टियों के अवसर पर देश की विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों द्वारा हवाई किरायों में की जा रही बेतहाशा वृद्धि पर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT), मध्य प्रदेश ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। CAIT के भोपाल जिलाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश स्टेट मीडिया इंचार्ज धर्मेंद्र शर्मा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर हवाई किरायों में मनमानी वृद्धि पर तत्काल नियंत्रण लगाने तथा एयरलाइंस कंपनियों के लिए अधिकतम किराया सीमा (Fare Capping) निर्धारित करने की मांग की है।
धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि आज हवाई यात्रा केवल उच्च आय वर्ग के लोगों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि आम नागरिकों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों के लिए भी आवागमन का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। लेकिन त्योहारों के समय एयरलाइंस कंपनियों द्वारा टिकटों के दाम सामान्य दिनों की तुलना में 5 से 7 गुना और कई मामलों में 8 से 10 गुना तक बढ़ा दिए जाते हैं। अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोलकाता सहित देश के विभिन्न प्रमुख शहरों से मध्य प्रदेश आने-जाने वाली उड़ानों में किरायों की यह असामान्य वृद्धि यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है।
उन्होंने कहा कि दीपावली, होली, रक्षाबंधन, छठ पूजा जैसे त्योहारों पर प्रत्येक व्यक्ति की इच्छा होती है कि वह अपने परिवार और अपनों के साथ त्योहार मना सके। लेकिन रेलवे में टिकट उपलब्ध नहीं होने अथवा वेटिंग टिकट कन्फर्म नहीं होने की स्थिति में जब यात्री हवाई यात्रा का विकल्प चुनते हैं, तो एयरलाइंस कंपनियां उनकी मजबूरी का अनुचित लाभ उठाते हुए मनमाने किराए वसूलती हैं। रेलवे अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के माध्यम से यात्रियों को राहत देने का प्रयास करता है, लेकिन यात्रियों की भारी संख्या के कारण यह व्यवस्था भी कई बार पर्याप्त नहीं हो पाती।
धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा पूर्व में भी हवाई किरायों में अनुचित वृद्धि को नियंत्रित करने की आवश्यकता स्वीकार की गई है, लेकिन अभी तक यात्रियों को वास्तविक राहत देने वाली प्रभावी व्यवस्था सामने नहीं आई है। भारतीय वायुयान नियम, 2026 के संदर्भ में भी सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यात्रियों के हितों की रक्षा के लिए किराया नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
CAIT ने मांग की है कि त्योहारों एवं पीक ट्रैवल सीजन के दौरान एयरलाइंस कंपनियों द्वारा किरायों में की जाने वाली असामान्य वृद्धि पर अंकुश लगाने के लिए अधिकतम किराया सीमा निर्धारित की जाए। सामान्य किरायों की तुलना में निर्धारित सीमा से अधिक वृद्धि पर नियंत्रण हो, किराया निर्धारण की नियमित निगरानी की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई का प्रावधान किया जाए। साथ ही मध्य प्रदेश की देश के प्रमुख महानगरों से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने एवं त्योहारों के दौरान अतिरिक्त उड़ानों के संचालन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि हवाई यात्रा को एयरलाइंस कंपनियों की मनमानी और मुनाफाखोरी का माध्यम नहीं बनने दिया जा सकता। त्योहारों पर अपने घर और परिवार तक पहुंचना किसी भी नागरिक के लिए आर्थिक रूप से असंभव नहीं होना चाहिए। सरकार का दायित्व केवल विमानन क्षेत्र का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि यात्रियों को उचित, पारदर्शी और किफायती किराए पर हवाई यात्रा उपलब्ध कराना भी है।
इस संबंध में CAIT की ओर से केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को विस्तृत पत्र प्रेषित कर तत्काल हस्तक्षेप, प्रभावी Fare Capping व्यवस्था एवं एयरलाइंस कंपनियों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की गई है। CAIT ने आशा व्यक्त की है कि केंद्र सरकार इस गंभीर जनहित के विषय पर प्राथमिकता से निर्णय लेकर देश के करोड़ों हवाई यात्रियों को राहत प्रदान करेगी।
