Type Here to Get Search Results !

करीला में भरेगा रंगपंचमी पर मेला

आरके वासुदेव, विदिशा.

करीला मेला की तैयारियों का जायजा लिया कलेक्टर ने
करीला मेला की तैयारियों का जायजा लिया कलेक्टर ने
करीला में माता जानकी मंदिर परिसर में रंगपंचमी के अवसर पर भरने वाले भव्य मेले की व्यवस्थाओं का कलेक्टर आनंद कुमार शर्मा ने जायजा लिया। ज्ञातव्य हो कि अशोकनगर एवं विदिशा जिलों की सीमा पर स्थित करीला मंदिर पर हर वर्ष रंगपंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले में लाखों श्रद्धालु शामिल होते है।
कलेक्टर को जानकारी दी गई कि, वाहन पार्किंग बामोरी शाला, बंगला चौराहा पर की जाएगी। इसके लिए पंचायत द्वारा निजी स्तर पर प्रबंध किए जायेंगे। वहीं वाहन पार्किंग की दर भी दो पहिया के पांच रूपए और फोर व्हीलर के 10 रूपए तय करने पर सहमति जताई गई।
पुलिस अधीक्षक डीएस चौधरी ने बताया कि अस्थायी कंट्रोल रूम और पुलिस चौकियां बनाई जायेंगी, ताकि सुरक्षा के तमाम प्रबंध किए जा सकें। प्रत्येक अस्थायी कंट्रोल रूम में सुरक्षा समितियों के 20 से 25 सदस्यों को शामिल किया जायेगा। खोया-पाया, एम्बूलेंस, पेयजल टेंकरों, बेरीकेट्स, दर्शनार्थियों के लिए निर्धारित पृथक-पृथक प्रवेश और बहिर्गमन मार्ग के लिए निर्धारित रूट की भी जानकारी उनके द्वारा दी गई।
इस अवसर पर सिरोंज एसडीएम राकेश शर्मा, मुंगावली एसडीएम रविशंकर पटले, करीला मेला समिति के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।