Type Here to Get Search Results !

मनकामेश्वर महादेव मंदिर में शिखर प्रतिष्ठा

रेलिक रिपोर्टर, झाबुआ.
 
स्थानीय छोटे तालाब स्थित श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार श्री मंशा महादेव मनकामेश्वर मंदिर समिति द्वारा शिखर प्रतिष्ठा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में सुबह से ही धार्मिक आयोजनों का दौर शुरू हुआ, जो शाम तक चलता रहा। मंदिर में रूद्र यज्ञ एवं रूद्धाभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल हुए, बाद में महाप्रसादी का वितरण हुआ। 


मनकामेश्वर महादेव मंदिर में शिखर प्रतिष्ठा

सुबह मंदिर से बैंड़-बाजों के साथ शोभायात्रा भी निकाली गई। मंदिर के पुजारी विष्णुपुरी गोस्वामी ने बताया कि सुबह 8 बजे से स्थापित देवताओं का पूजन किया गया। 10 बजे से लघु रूद्र यज्ञ एवं रूद्राभिषेक का आयोजन हुआ, जो शाम 4 बजे तक चला। चल समारोह में महिलाएं एवं बालिकाएं अपने सिर पर कलश लेकर चल रहीं थी तो इसके पीछे रथ पर शिखर कलश रखा गया था। श्रद्धालुजन नृत्य करते हुए चल रहे थे।

विधि-विधान से की गई कलश स्थापना
मंदिर में शिखर कलश की प्रतिष्ठा विधि-विधान से की गई। सर्वप्रथम शिखर का शुद्ध स्रान पश्चात पंचामृत से अभिषेक कर जलाधिवास, अन्नाधिवास, पुष्पाधिवास, धान्याधिवास किया गया। संपूर्ण धार्मिक क्रिया आचार्य पं. द्विजेन्द्र व्यास, पं. जर्नादन शुक्ला, पं. गणेश उपाध्याय, पं. अनिल शर्मा, पं. चेतन्य शास्त्री द्वारा संपन्न करवाई गई।