मुख्यमंत्री
श्री कमलनाथ ने आज प्रदेश में रबी सीजन में किसानों द्वारा की जा रही बोनी
और रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को
निर्देश दिये कि किसानों को उर्वरक की कमी न होने दें। मुख्यमंत्री ने रेल
मंत्री श्री पीयूष गोयल और केन्द्रीय उर्वरक और रसायन मंत्री श्री सदानंद
गौड़ा से फोन पर चर्चा कर यूरिया के रैक आवंटन में मध्यप्रदेश को प्राथमिकता
दिये जाने का अनुरोध किया।
बैठक
में बताया गया कि प्रदेश में इस वर्ष अक्टूबर से दिसम्बर माह तक पिछले
वर्ष की तुलना में 36 हजार मीट्रिक टन यूरिया और 24 हजार मीट्रिक टन डीएपी
का अधिक वितरण किसानों को किया गया है। प्रदेश में अब तक 7 लाख 18 हजार
मीट्रिक टन यूरिया किसानों को वितरित किया गया है। किसानों को उनकी माँग के
मुताबिक यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिये केन्द्रीय रसायन
मंत्रालय से लगातार बातचीत की जा रही है।
बैठक
में जानकारी दी गई कि रबी सीजन में किसानों द्वारा बुआई का कार्य
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है। अब तक प्रदेश में करीब 46
लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूँ की बोनी की जा चुकी है। इस वर्ष प्रदेश में
अन्य फसलों को मिलाकर 98 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों द्वारा बुआई का
कार्य किया जा चुका है। विभाग के मैदानी अमले को किसानों से सतत सम्पर्क
कर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
बैठक
में मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री पी.सी. मीना,
प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री अशोक वर्णवाल, प्रमुख सचिव कृषि श्री राजेश
राजौरा, प्रमुख सचिव सहकारिता श्री के.सी. गुप्ता, कृषि एवं सहकारिता विभाग
के अधिकारीगण मौजूद थे।