सिवनी
सिवनी जिले के ग्राम जुरतरा के प्राथमिक एवं
माध्यमिक शाला में 26 जनवरी को हुए हादसे में एक छात्रा की मौत के बाद
कलेक्टर प्रवीण सिंह अढायच ने स्कूल में पदस्थ सभी 12 शिक्षक-शिक्षिकाओं का
तबादला कर दिया है। दरअसल, स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह के बाद एक शिक्षक घर लौट रहा था।
इसी दौरान उसकी कार की चपेट में आने से 8 बच्चे घायल हो गए थे। इनमें से एक
छात्रा शिवानी धुर्वे (10) की जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान
रविवार की रात मौत हो गई थी।
कलेक्टर ने बताया कि छात्र हित की दृष्टि से शालाओं में संचालन एवं
अध्यापन कार्य सुचारू रखने के लिए वहां पदस्थ 12 शिक्षक-शिक्षिकाओं का
तबादला कर दिया गया है। अन्य घायल विद्यार्थियों के उपचार की जानकारी ली गई
है। उनकी स्थिति में सुधार है, घटना में मृत छात्रा को लेकर मुख्यमंत्री
स्वेच्छा अनुदान का प्रकरण तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है।
ग्रामीणों ने किया हंगामा
सोमवार को अंतिम संस्कार के पहले ग्रामीणों ने छात्रा के घर के सामने शव
रख आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीण छात्रा के परिवार को 25 लाख रूपये की
आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। घटना के आरोपी वाहन चालक सहायक शिक्षक
किशन लाल बिन्हैरिया के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर सोमवार को बंडोल पुलिस
ने न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी शिक्षक को जेल भेज
दिया है।
26 जनवरी को हादसे में एक बच्ची की मौत के बाद स्कूल से हटाए गए 12 शिक्षक
जनवरी 29, 2019
Tags