Type Here to Get Search Results !

कोचिंग में साथ पढ़ने वाली लड़की के पिता ने घर जाकर दी धमकी तो छात्र ने लगाई फांसी

मुरैना। कोचिंग में साथ पढ़ने वाली लड़की के पिता द्वारा घर जाकर माता-पिता को धमकाने के बाद बीएससी छात्र ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने मरने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा है जिसमें उसने अपनी मौत की वजह माता-पिता की बेइज्जती को बताया है।

जानकारी के अनुसार सिग्नल बस्ती निवासी अरुण पुत्र संजीव कुमार गौड़ (आदिवासी) उम्र 22 वर्ष ग्रेजुएशन कर रहा है। अरुण जीवाजी गंज इलाके में किसी कोचिंग पर पढ़ता है। बुधवार की दोपहर उसके साथ पढ़ने वाली युवती के पिता भरत पाठक अरुण के घर आए और परिजन से कहा कि तुम अपने लड़के को समझा लो नहीं तो ठीक नहीं होगा। इस बात को लेकर अरुण व्यथित हो गया। शाम 8.30 बजे अरुण खाना खाकर सोने के लिए अपने घर की दूसरी मंजिल पर चला गया। सुबह जब वह सोकर नहीं जागा तो मा ममता उसके कमरे में गईं। यहां अरुण का शव फंदे पर झूल रहा था।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को अरुण के कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है। इस सुसाइड नोट में अरुण ने अपनी साथी छात्रा का नाम लिखते हुए कहा है कि मैने कभी तुम्हे परेशान नहीं किया। लेकिन फिर भी तुम्हारे पिता ने मेरे घर आकर माता-पिता की बेइज्जती की। इसलिए मैं अपनी जान दे रहा हूं।