शहर के विकास कार्यों को लेकर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पहली बार सोमवार को अफसरों की बैठक लेंगे। कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में सुबह 11 बजे से होने वाली बैठक में चंबल नदी से पानी लाने की योजना से लेकर स्मार्ट सिटी के कार्यों पर सांसद अफसरों से बात करेंगे। बैठक के लिए 17 बिंदुओं का एजेंडा तय किया गया है। इसमें नगर निगम के 7 बिंदुओं का प्रजेंटेशन दिखाने की योजना थी। इसमें से प्रधानमंत्री आवास योजना को हटा दिया गया है।
दोपहर में कलेक्टोरेट में कलेक्टर भरत यादव ने तैयारी को लेकर बैठक ली। इसमें निगम आयुक्त विनोद शर्मा की मौजूदगी में नगर निगम का प्रजेंटेशन रखा गया। शाम को मोतीमहल में संभागीय आयुक्त बीएम शर्मा के समक्ष बैठक में से जुड़े मुद्दों से संबंधित प्रजेंटेशन हुआ। सोमवार को हो रही बैठक स्थानीय सांसद आैर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, महापौर विवेक शेजवलकर आैर चेंबर ऑफ कामर्स के पदाधिकारियों को भी बुलाया गया है।
बैठक में इन मुद्दों पर की जाएगी चर्चा
- अनुदान आधारित प्रस्ताव: सचिन तेंदुलकर मार्ग पर स्पोटर्स काम्पलेक्स का निर्माण, फूलबाग स्थित संग्रहालय ,सागरताल सौंदर्यीकरण, गांधी मार्केट, जीवाजीराव स्कूल।
- सिविल एयरपोर्ट : शहर में सिविल एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर लंबे समय से कवायद की जा रही है। लेकिन इस मामले में अब तक कोई खास प्रगति नहीं हो सकी है।
- ट्रैफिक व्यवस्था : शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने आैर बेहतर बनाने की योजना पर भी चर्चा की जाएगी।
- अमृत योजना: 730 करोड़ रुपए की अमृत योजना के तहत पानी की टंकियां, पानी की लाइन, सीवर लाइन और पार्क निर्माण किया जा रहा है।
- स्मार्ट सिटी: 2200 करोड़ की योजना में अब तक हुए कार्यों का प्रजेंटेशन दिया जाएगा।
- चंबल नदी से पानी लाने की योजना: शहर के लिए चंबल नदी से तिघरा डैम तक पानी लाने की योजना प्रस्तावित है।
- मुरार नदी का मामला: रमौआ बांध से जड़ेरूआ बांध तक 12 किलोमीटर एरिया में नदी काे नया जीवन देने की योजना है।
- ठोस अपशिष्ट प्रबंधन: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत किए जा रहे कार्यों का प्रजेंटेशन भी तैयार कर लिया गया है।