Type Here to Get Search Results !

प्रियंका गांधी पर अमित शाह का तंज- '2G' के बाद और भ्रष्टाचार करने के लिए तीसरे 'जी' भी आ गए

कांथी
प्रियंका गांधी के राजनीति में आने के फैसले पर तंज कसते हुए मंगलवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि किसी एक ही परिवार द्वारा चलाई जाने वाली सरकार लोगों की सेवा नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टी सिर्फ एक कमजोर सरकार ही दे सकती है। बीजेपी अध्यक्ष पश्चिम बंगाल की एक रैली में बोल रहे थे। यहां पर उन्होंने राज्य की सीएम ममता बनर्जी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में सूबे में लोकतंत्र बहाल होगा। उन्होंने दावा किया कि आम चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी दोबारा पीएम चुने जाएंगे।

2जी के बाद तीसरे 'जी' भी आ गए हैंः शाह
रैली को संबोधित करते हुए शाह ने ममता की सरकार को तानाशाही बताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र बहाल करने की जरूरत है। उन्होंने प्रियंका गांधी के राजनीति में आने के फैसले का मजाक उड़ाते हुए कहा कि कांग्रेसनीत यूपीए सरकार के कार्यकाल में हमने 2जी जैसे बड़े घोटाले देखे थे और अब तीसरे 'जी' (गांधी) भी आ गए हैं। शाह ने कहा, 'हमारे पास अब प्रियंका (गांधी) 'जी' भी हैं। ऐसे में अब घोटाले का आकार क्या होगा?' उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब 2'जी' और तीसरे 'जी' को शामिल कर कहीं अधिक भ्रष्टाचार करना चाहती है।

'कांग्रेस के लिए ओआरओपी मतलब ओनली राहुल, ओनली प्रियंका'
इससे पहले सोमवार को हिमाचल प्रदेश में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने ‘वन रैंक वन पेंशन’ योजना का संदर्भ देते हुए कांग्रेस पर कटाक्ष किया था कि उसके लिए ओआरओपी का मतलब ओनली राहुल, ओनली प्रियंका है। प्रदेश के हमीरपुर में बोलते हुए उन्होंने राहुल गांधी से सवाल पूछा कि वह बताएं कांग्रेस सरकार ने गरीबों के लिए दशकों तक क्या किया? राज्य में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर टिप्पणी करते हुए शाह ने पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह और उनके परिवार का नाम लिए बिना उन्हें निशाने पर लेते हुए कहा कि पहले की कांग्रेस सरकार के पांच साल में राजा, रानी और राजकुमार के अलावा किसी को महत्व नहीं दिया गया।