बॉलीवुड डेस्क
30 जनवरी 2019... महात्मा गांधी की 71वीं पुण्यतिथि है। यूं तो बापू के जीवन पर कई फिल्में, टीवी शो और डॉक्यूमेंट्रीज बन चुकी हैं। लेकिन 1982 में महात्मा गांधी के पूरे जीवन पर फिल्म बनाई गई थी 'गांधी'। डायरेक्शन किया था रिचर्ड एटनबरो ने और महात्मा गांधी का रोल प्ले किया था बेन किंग्सले ने। इस फिल्म की सबसे खास बात यह थी कि फिल्म में गांधी के अंतिम संस्कार वाले दृश्य की शूटिंग महात्मा गांधी की 33वीं पुण्यतिथि के दिन ही की गई थी। फिल्म को उस साल 8 ऑस्कर अवार्ड्स मिले थे।
फिल्म गांधी से जुड़ी अन्य खास बातें
भारत सरकार ने दिया था एक तिहाई बजट
भारत और यूके का कॉम्बो प्रोजेक्ट गांधी फिल्म का एक तिहाई बजट भारत सरकार ने दिया था। फिल्म में गांधी के अंतिम संस्कार का सीन शूट करने के लिए 19 कैमरे लगाए गए थे। इसी सीन के लिए बेन का मोम का पुतला अर्थी पर लिटाया गया था। जबकि शवयात्रा के दौरान बेन खुद अर्थी पर आंख बंद किए लेटे रहे थे।बेन नहीं थे पहली पसंद
फिल्म में महात्मा गांधी का रोल निभाने वाले बेन किंग्सले इस रोल के लिए पहली पसंद नहीं थे। बने से पहले फिल्म के लिए नसीरुद्दीन शाह और स्मिता पाटिल का स्क्रीन टेस्ट लिया गया था, लेकिन बाद में यह रोल बेन और रोहिणी हट्टगणी ने निभाया था।केटेगरी जिनमें जीते अवार्ड
फिल्म गांधी को 55वें अकादमी अवार्ड्स में कुल 8 अवार्ड मिले थे, जिनमें बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर (रिचर्ड एटनबरो), सर्वश्रेष्ठ नया कथानक (जॉन ब्रिले), सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म एडिटिंग (जॉन ब्लूम), सर्वश्रेष्ठ लीड एक्टर (बेन किंग्सले), सर्वश्रेष्ठ आर्ट डायरेक्शन, सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफी, सर्वश्रेष्ठ ड्रेस डिजाइनर (भानु अथैया) का नाम शामिल है। इसके अलावा तीन नॉमिनेशन भी थे जिनमें मेकअप (टॉम स्मिथ), नई ध्वनि (रवि शंकर और जोर्ज फेंटन) और सर्वश्रेष्ठ साउंड केटेगरी शामिल थी।कुछ और महत्वपूर्ण पॉइंट्स
- फिल्म की शूटिंग 26 नवंबर 1980 को शुरू हुई और 10 मई 1981 को पूरी हुई थी।
- नसीरुद्दीन और स्मिता का ऑडिशन 1970 के आखिर में लिया गया था। 10 साल बाद फिल्म फ्लोर पर आ सकी।
- बापू के अंतिम संस्कार वाले सीन में 300,000 से अधिक एक्स्ट्रा का इस्तेमाल किया गया था।
- फिल्म में बेन किंग्सले ने गांधी बनने के लिए 5-5 घंटे बैठकर गांधी के फुटेज देखे थे।
