Type Here to Get Search Results !

लखनऊ: अखिलेश संग साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले तेजस्वी

लखनऊ।बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव इन दिनों यूपी की राजधानी लखनऊ में हैं। मायावती से मुलाकात के बाद सोमवार को उन्होंने एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की और साझा प्रेस कॉन्फ्रेंसको संबोधित किया। 

उन्होंने कहा, 'देश को सही दिशा दिखाने के लिए अखिलेश और मायावती जी ने कदम उठाया है, उसके लिए बधाई देने हम पटना से यहां आए हैं। देश इस गठबंधन को याद करेगा। बिहार में भी कोई नहीं सोच सकता था कि लालू-नीतीश कभी एक होंगे।' तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'देश में अघोषित इमरजेंसी का माहौल है। संवैधानिक संस्थाओं को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। हम पूरी तरह निश्चिंत हैं कि बीजेपी का यूपी-बिहार से सफाया हो चुका है। ये लोग तो सीएम और डेप्युटी सीएम की सीट फूलपुर-गोरखपुर तक नहीं बचा पाए।' 

तेजस्वी के निशाने पर आरएसएस
 
आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा, 'जो कभी अंग्रेजों के गुलाम हुआ करते थे, वे आज देश की व्यवस्था पर काबिज हैं। मोहन भागवत काफी पहले से कहते आ रहे थे कि आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया जाए, आज देखिए उसी दिशा में काम हो रहा है।' 

गठबंधन पर अखिलेश को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे विश्वास है कि यूपी की जनता इस गठबंधन को अपना आशीर्वाद देगी। आगे यूपी और बिहार ही तय करेगा कि कौन सत्ता पर काबिज होगा। बीजेपी के पास यूपी, बिहार और झारखंड की कुल 134 सीटों में से करीब 118 सीटें हैं। अगले चुनाव में मान लीजिए कि बीजेपी के पास से इसमें से 100 सीटें चली जाएंगी।' 
अखिलेश ने कहा, 'तेजस्वी के यहां आने से देशभर में अच्छा संदेश जाएगा। बीजेपी ने देश के हर वर्ग को धोखा दिया है। क्या आम जनता और क्या व्यापारी हर कोई बीजेपी को सबक सिखाने का इंतजार कर रहा है। दिल्ली से लेकर कोलकाता तक लोग बीजेपी से नाराज हैं।' 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.