Type Here to Get Search Results !

बंगाल जीतने का ख्वाब छोड़ें और केंद्र में सरकार बचाएं अमित शाह: टीएमसी

कोलकाता
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेतृत्व ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह को बंगाल जीतने का ख्वाब भूल जाने और इसकी बजाए केंद्र में पार्टी की सरकार का बचाव करने को कहा। पश्चिम बंगाल में अमित शाह ने रैली के दौरान बंगाल सरकार पर जमकर हमला बोला, जिसके जवाब में टीएमसी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पूर्वी मिदनापुर जिले के कांठी में आयोजित बीजेपी की रैली में शाह ने पश्चिम बंगाल सरकार की आलोचना की और कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव से राज्य में लोकतंत्र बहाल होगा। बीजेपी अध्यक्ष पर पलटवार करते हुए तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के मंत्री सुवेंदू अधिकारी ने कहा, ‘अमित शाह दिवास्वप्न देख रहे हैं। बीजेपी सबसे पहले केंद्र में अपनी सरकार का बचाव करने पर ध्यान केंद्रित करें। इस देश के लोगों ने उन्हें सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है।’

टीएमसी ने खारिज किए आरोप
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पेंटिंग को चिटफंड कंपनियों के मालिकों द्वारा करोड़ों रुपये में खरीदे जाने के शाह के आरोप पर प्रतिक्रिया जताते हुए अधिकारी ने कहा, ‘ये बेबुनियाद आरोप हैं। शाह बार-बार एक ही राग अलाप रहे हैं। निराधार आरोप लगाने की बजाए, उनमें दम है तो ऐसा साबित कर के दिखाएं।’
'भला नहीं कर सकते कांग्रेस, कम्युनिस्ट और ममता बनर्जी'
इससे पहले रैली में अमित शाह ने कहा, 'मैं बंगाल के सभी शरणार्थियों से कहना चाहता हूं कि बीजेपी और नरेंद्र मोदी सरकार उन्हें देश की नागरिकता देगी। बांग्लादेशी घुसपैठिए यहां पर तृणमूल कांग्रेस के लिए वोट बैंक बन गए हैं। केवल मोदी सरकार ही बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कराने में सक्षम है। ममता बनर्जी, कांग्रेस और कम्युनिस्ट बंगाल का भला नहीं कर सकते हैं।' 
Tags