यहां कनाड़िया में सोमवार सुबह एक कारोबारी ने सिर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली मारने के पहले उसने अपनी मुंह बोली मामी को कॉल कर कहा था आप अब आ जाना मैं बात नहीं कर पाऊंगा। परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फाइनेंशियल कारणों के चलते उसने आत्महत्या की है। मृतक का नाम धर्मेद्र सिंह राठौर था। वह वैभव नगर में रहते थे।
सीएसपी पकंज दीक्षित ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 8 बजे जानकारी मिली थी कि धर्मेंद्र राठौर ने खुद को गोली मार ली। मृतक धर्मेंद्र अपने भाई सर्वंद्र राठौर के साथ रात में किसी शादी समारोह में गए थे। समारोह के बाद दोनों भाइयों में बच्ची की शादी की बात को लेकर विवाद हो गया। धर्मेंद्र जहां इस शादी से खुश नहीं थे, वहीं बच्चे शादी करना चाहते हैं। बातचीत के बाद परिजन अपने घर चले गए, वहीं धर्मेंद्र अपने घर आ गए।
सुबह धर्मेंद्र ने अपनी मुहंबोली मामी को कॉल किया और सुसाइड की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप आ जाना मैं अब बात नहीं कर पाऊंगा। इसके बाद इनके दो नौकर और मुंह बोले मामा ने दरवाजे से झांककर देखा तो ये अचेत अवस्था में पड़े थे। नौकरों ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर इन्हें अस्पताल पहुंचाया। मृतक के पास दो हथियार थे। परिजन अभी बाहर हैं। उनके आने के बाद पता चल पाएगा कि आखिर उन्होंने गोली क्यों मारी।
मिली जानकारी अनुसार मृतक सिंह की बेटी की फरवरी में शादी होने वाली थी। सिंह की आर्थिक स्थिति थोड़ी ठीक नहीं चल रही थी। धर्मेंद्र का प्लास्टिक और मोबाइल से जुड़ा कारोबार है। कारोबार ठीक नहीं चलने से रुपए की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। इस कारण वे तनाव में थे। बताया ये भी जा रहा है कि वे इस रिश्ते से भी खुश नहीं थे।
