Type Here to Get Search Results !

भाजपा महासचिव ने कहा- मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया, न्यूज एजेंसी को नोटिस भेजूंगा

इंदौर
 चाॅकलेटी चेहरे वाले बयान पर बवाल मचने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सफाई पेश की है। उन्होंने कहा - न्यूज एजेंसी ने मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया है, जिससे मेरी छवि धूमिल हुई है। चाॅकलेटी शब्द का उपयोग मैंने बाॅलीवुड चेहरों के चुनाव मैदान में उतरने को लेकर कहा था, जिसे न्यूज एजेंसी ने  प्रियंका गांधी वाड्रा से जोड़ दिया। मैं न्यूज एजेंसी को नोटिस भेज रहा हूं, यदि उन्होंने माफी नहीं मांगी तो आगे की कार्रवाई करूंगा।
मामले में विजयवर्गीय ने सख्त रवैया अपनाते हुए न्यूज एजेंसी को नोटिस भेजने की बात कही है। उन्होंने मीडिया के समक्ष कहा - मुझसे आगामी लोकसभा चुनाव में फिल्मी सितारों की एंट्री पर सवाल किया गया था। जिसके जवाब में मैंने कहा था- कांग्रेस के पास आत्मविश्वास की कमी है, उनके पास मैदान में उतारे के लिए नेताओं की कमी है। इसलिए वे चाॅकलेटी चेहरों को चुनाव लड़वाने की तैयारी में है। विजयवर्गीय ने कहा - मध्यप्रदेश के कुछ कांग्रेसी नेता अभिनेत्री करीना कपूर को भोपाल लोकसभा सीट से और सलमान खान को इंदौर से चुनाव मैदान में उतारने की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने भी विवादित बयान दिया 
 मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर पलटवार करते हुए विवादित बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का दुर्भाग्य है कि उनकी पार्टी में खुरदुरे चेहरे हैं। ऐसे चेहरे जिनको लोग नापसंद करते हैं। एक हेमा मालिनी है, उसके जगह-जगह शास्त्रीय नृत्य कराते रहते हैं, वोट कमाने की कोशिश करते हैं। चिकने चेहरे उनके पास नहीं हैं।